मां ई-रिक्शा चलाने गई, पीछे से गायब हुआ 8 महीने का बच्चा, Delhi Police ने 24 घंटे में सुलझाया केस

By एकता | Nov 22, 2026

दिल्ली पुलिस ने पांडव नगर इलाके से शनिवार को अगवा किए गए 8 महीने के बच्चे को महज 24 घंटे के अंदर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने रविवार को एक दंपती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बच्चे को अगवा करने के बाद अलीगढ़ में एक दंपती को बेच दिया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

यह घटना पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके की है। बच्चे की मां लक्ष्मी ई-रिक्शा चलाती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया था कि जब वह काम पर गई थीं, तब उनका बच्चा देखभाल करने वाली ज्योति के पास था। इसी दौरान बच्चा अचानक गायब हो गया।

देखभाल करने वाली के पास से गायब हुआ था 8 महीने का बच्चा

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी ने बच्चे की देखभाल के लिए ज्योति को रखा था। घटना के समय ज्योति कुछ सामान खरीदने के लिए दुकान पर गई थीं। इसी दौरान आरोपी ऋषि पाल ने मौका देखकर बच्चे को उठा लिया और वहां से फरार हो गया। बच्चे के गायब होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मामला दर्ज कर पुलिस की टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई ऑटो रिक्शा चालकों समेत दूसरे लोगों से पूछताछ की।

इसे भी पढ़ें: Delhi में 7 दिनों से खराब हवा, अगले 6 दिन बढ़ सकती है परेशानी; बच्चों और बुजुर्गों को सावधान रहने की सलाह

अलीगढ़ में दंपती को बेच दिया था बच्चा

पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राजीव कुमार के मुताबिक, आरोपी बच्चे को लेकर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ पहुंचा था। वहां उसने बच्चे को एक दंपती चतरू और कुसमा को बेच दिया।

पुलिस के अनुसार, इस दंपती की तीन बेटियां थीं और उनका कोई बेटा नहीं था। वे एक लड़का चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने अपने रिश्तेदार ऋषि पाल से कहीं से लड़का लाने के लिए कहा था।

डीसीपी ने बताया कि शुरुआती जांच में पुलिस के पास आरोपियों की पहचान और उनके हुलिए से जुड़ी बहुत कम जानकारी थी। इसके बावजूद टीम ने सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ की मदद से मामले को सुलझा लिया।

डीसीपी बोले- 24 घंटे में बच्चा बरामद किया

डीसीपी राजीव कुमार ने बताया, "24 घंटे के अंदर हमने न सिर्फ बच्चे को सुरक्षित बरामद किया, बल्कि तीनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। यह पूरी तरह से एक ऐसा मामला था, जिसमें शुरुआत में आरोपियों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।" उन्होंने बताया कि बच्चे की मां दुर्गा योजना के तहत रिक्शा चलाती हैं और अक्सर काम के सिलसिले में घर से बाहर रहती हैं। इसलिए उन्होंने बच्चे की देखभाल के लिए एक महिला को रखा था।

डीसीपी के मुताबिक, "देखभाल करने वाली कुछ सामान खरीदने के लिए दुकान पर गई थी। इसी मौके का फायदा उठाकर ऋषि पाल बच्चे को लेकर फरार हो गया। वह उसे अलीगढ़ ले गया, जहां उसने चतरू और कुसमा नाम के दंपती को बच्चा बेच दिया।" उन्होंने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और कई ऑटो रिक्शा चालकों समेत दूसरे लोगों से पूछताछ की। इसी जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

इसे भी पढ़ें: Delhi में आज 22 शादियों से लग सकता है जाम, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज

दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस मामले में मंडावली थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने अलीगढ़ जिले के टप्पल थाना क्षेत्र के गांव वाजिदपुर से बच्चे को सुरक्षित बरामद किया। मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।

प्रमुख खबरें

विदेशी निवेशकों और Crude Oil की चाल पर टिकेगी Share Market की नजर

Mumbai Attack में मारे गए British उद्यमी Andreas Liveras पर पोती ने लिखी किताब

मदुरै दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति के खिलाफ Supreme Court पहुंची Tamil Nadu सरकार

VinFast 2027 में भारतीय बाजार में उतारेगी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन