Christchurch Test: Akash Deep के दोहरे झटके से New Zealand बैकफुट पर, चाय तक 131/4

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

तेज गेंदबाज आकाशदीप ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए दो विकेट लिए जिससे न्यूजीलैंड बैकफुट पर चला गया और उसने भारत के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन शुक्रवार को यहां चाय के विश्राम तक चार विकेट पर 131 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने दूसरे सत्र में 54 रन जोड़े और इस बीच कप्तान टॉम लैथम (128 गेंद पर 59), हेनरी निकोल्स (46 गेंदों में 16) और रचिन रविंद्र (00) के विकेट गंवाए। डेवोन कॉनवे (79 गेंद पर 31 रन) पहले सत्र में आउट होने वाले एकमात्र बल्लेबाज थे।

चाय के विश्राम के समय डेरिल मिचेल छह और टॉम ब्लंडेल आठ रन पर खेल रहे थे। आकाश (13 ओवर में 23 रन देकर दो विकेट) ने थोड़ा पुरानी पड़ चुकी कूकाबुरा गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अच्छी लेंथ पर गेंदबाजी की और उन्हें पर्याप्त स्विंग मिली जिससे उन्होंने क्रीज पर अच्छी तरह पांव जमा चुके लैथम और रविंद्र को आउट कर दिया।

पहले सत्र में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाले अंशुल कंबोज (44 रन देकर एक विकेट) को भी शॉर्ट पिच गेंद करने की अपनी रणनीति पर कायम रहने का इनाम मिला। उन्होंने पहले टेस्ट शतक जड़ने वाले निकोल्स को डीप फाइन-लेग में खड़े आकाश के हाथों में कैच कराया। दूसरा सत्र भारत के नाम रहा।

अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे गुरनूर बराड़ ने लंच से ठीक पहले आखिरी गेंद पर कॉनवे को आउट कर दिया था जिन्होंने लैथम के साथ पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़े थे। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने दूसरे सत्र में आकाश का छोर बदल दिया और उनका यह फैसला सही साबित हुआ। उन्होंने लैथम को जिस गेंद पर आउट किया वह बेहद खूबसूरत थी।

सही लेंथ पर की गई उनकी गेंद इतनी सीधी गई कि न्यूजीलैंड के कप्तान के पास उसे खेलने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। गेंद उनके बल्ले को चूमती हुई ऋषभ पंत की सुरक्षित दस्तानों में चली गई। नई गेंद से प्रभावहीन रहे कंबोज ने कुछ ओवरों तक शॉर्ट पिच गेंद करने की रणनीति अपनाई।

इनमें से अधिकतर गेंदें दिशाहीन बाउंसर थीं, जिनसे निकोल्स बचते रहे। लेकिन कमर की ऊंचाई पर आई एक गेंद को निकोल्स ने पुल करने का फैसला किया। गिल ने आकाश को इसी शॉट के लिए डीप फाइन लेग पर तैनात किया था और उनकी यह रणनीति कारगर साबित हुई।

रचिन ने लगभग आठ गेंदों तक संघर्ष किया। आकाश ने एक बार फिर अच्छी लेंथ पर गेंद फेंकी, लेकिन यह गेंद लैथम को की गई गेंद की तुलना में थोड़ी अधिक स्विंग हुई। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने इस पर बल्ला अड़ाया और पंत ने फिर से कैच लेने में कोई गलती नहीं की।

बराड़ ने लंच से पहले कॉनवे को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई। बराड़ ने क्रीज से थोड़ा बाहर आकर गेंद फेंकी जो तेजी से कोण लेती हुई सीधे कॉनवे के पिछले पैर पर लगी और वह पगबाधा आउट हो गए। कॉनवे ने 79 गेंद पर 31 रन बनाए और चार चौके लगाए।

गिल ने एक बार फिर टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। लैथम को बुमराह के पहले ओवर में ही पगबाधा आउट दे दिया गया था लेकिन न्यूजीलैंड के कप्तान ने डीआरएस रिव्यू लेकर अपना विकेट बचा दिया। इसके बाद लैथम जब 29 रन पर खेल रहे थे तब आकाश की गेंद पर दूसरी स्लिप में केएल राहुल ने उनका आसान कैच छोड़ दिया था।

प्रमुख खबरें

पूर्व US राजनयिक Strobe Talbott का 80 वर्ष की आयु में निधन, बिल क्लिंटन के थे करीबी

जमात-ए-इस्लामी ने The Australian अखबार को भेजा कानूनी नोटिस, Shafiqur Rahman पर झूठे आरोप लगाने का दावा

अखिलेश यादव भी छह महीने जेल में रहते तो पता चलता... Azam Khan की टिप्पणी पर सपा प्रमुख की भावुक प्रतिक्रिया | Uttar Pradesh Elections 2027

Kisan Credit Card घोटाला: 21 साल से फरार आरोपी को CBI ने सूरत से दबोचा