जमात-ए-इस्लामी ने The Australian अखबार को भेजा कानूनी नोटिस, Shafiqur Rahman पर झूठे आरोप लगाने का दावा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

बांग्लादेश की मुख्य विपक्षी पार्टी जमात-ए-इस्लामी ने अपने प्रमुख शफीकुर रहमान के खिलाफ खबर प्रकाशित करने को लेकर ऑस्ट्रेलिया के एक प्रमुख समाचार पत्र को कानूनी नोटिस भेजा है। रहमान ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर उठे विवाद के बीच अपनी यात्रा बीच में छोड़कर स्वदेश लौट आए हैं। पार्टी ने बृहस्पतिवार देर रात जारी एक बयान में कहा कि ‘द ऑस्ट्रेलियन’ समाचार पत्र को भेजे गए कानूनी नोटिस में जमात के अमीर (प्रमुख) शफीकुर रहमान की यात्रा से संबंधित खबर में ‘‘मानहानिकारक सात आरोपों’’ की ओर ध्यान दिलाया गया है।

नोटिस में खबर में सुधार करने, उसे वापस लेने, माफी मांगने और संबंधित दस्तावेजों को सुरक्षित रखने की मांग की गई है। बयान में कहा गया है, ‘‘प्रकाशक से 48 घंटे के भीतर लिखित जवाब देने को कहा गया है।’’ हालांकि, पार्टी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यदि समाचार पत्र उसकी मांगों का पालन नहीं करता है तो वह क्या कदम उठाएगी। ‘द ऑस्ट्रेलियन’ की खबर में रहमान को ‘‘हमास की प्रशंसा करने वाले बांग्लादेशी इस्लामवादी नेता’’ के रूप में वर्णित किया गया था।

खबर में ऑस्ट्रेलियाई सरकार की आलोचना करते हुए कहा गया था कि उसने रहमान को कड़ी वीजा जांच के बिना देश में प्रवेश की अनुमति दी। जमात ने इस खबर को सिरे से खारिज किया और कहा कि रहमान ने बांग्लादेश में संगठन से जुड़े जरूरी कार्यों के कारण अपनी यात्रा समय से पहले समाप्त की। जमात प्रमुख 20 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया की एक सप्ताह की यात्रा के तहत सिडनी पहुंचे थे।

ऑस्ट्रेलिया में उनके कैनबरा में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मुलाकात करने तथा स्वागत समारोहों और सामुदायिक कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम था। लेकिन 23 नवंबर को ‘द ऑस्ट्रेलियन’ में ‘‘सिनवार एक नायक थे: हमास की प्रशंसा करने वाले बांग्लादेशी इस्लामवादी नेता के पहुंचने पर आक्रोश’’ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद मीडिया और कूटनीतिक विवाद खड़ा हो गया। ऑस्ट्रेलिया के अन्य यहूदी और हिंदू समूहों ने भी आरोप लगाया कि रहमान ने अतीत में कामकाजी महिलाओं की तुलना वेश्याओं से की थी और हमास के पूर्व नेता याह्या सिनवार पर शोक संदेश दिया था।

जमात के महासचिव मिया गुलाम परवार ने इस खबर को ‘‘झूठा, भ्रामक और मानहानिकारक’’ बताया। पार्टी के विदेश मामलों के सलाहकार और सांसद बैरिस्टर मीर अहमद बिन कासिम ने ‘द ऑस्ट्रेलियन’ के प्रकाशक को औपचारिक कानूनी नोटिस भेजा। परवार ने कहा कि पूरी खबर एक आव्रजन प्रतिनिधि द्वारा रहमान का वीजा रद्द करने की मांग को लेकर दिए गए आवेदन पर आधारित थी।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा समझा जाता है कि संबंधित व्यक्ति ‘बाबा’ फिल्म का लेखक और निर्देशक है, जो (बांग्लादेश के संस्थापक) शेख मुजीबुर रहमान और उनके परिवार का महिमामंडन करती है।’’ सिडनी स्थित आव्रजन सलाहकार रेमंड सोलोमन ने ऑस्ट्रेलिया के गृह मामलों के मंत्री टोनी बर्क के समक्ष औपचारिक आवेदन दाखिल किया था। इसमें उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के प्रवासन कानून के तहत जमात प्रमुख का वीजा रद्द करने और उन्हें देश से बाहर भेजने का अनुरोध किया था। ऑस्ट्रेलिया के दो अन्य मीडिया संस्थानों ‘ऑस्ट्रेलिया टुडे’ और ‘डेली मेल’ ने भी रहमान की यात्रा को लेकर स्थानीय समुदायों के समूहों की नाराजगी और कैनबरा द्वारा उन्हें वीजा दिए जाने के फैसले से जुड़े विवाद पर खबरें प्रकाशित की थीं।

जमात के अनुसार, उसके प्रमुख ने ऑस्ट्रेलिया में निर्धारित कार्यक्रम ‘‘सफलतापूर्वक और शांतिपूर्वक’’ पूरे किए, लेकिन मलेशिया की प्रस्तावित यात्रा रद्द कर दी। बांग्लादेश के कई समाचार पत्रों ने उनके समय से पहले स्वदेश लौटने की खबर प्रकाशित की। बांग्लादेशी दैनिक ‘कालेर कंठ’ ने ‘‘जमात अमीर ने दौरा छोटा किया, वीजा रद्द होने की आशंका के बीच ऑस्ट्रेलिया छोड़ा’’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की, जबकि ‘द डेली स्टार’ ने लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री तारिक रहमान के साथ संभावित बातचीत के लिए जमात प्रमुख ने ऑस्ट्रेलिया-मलेशिया दौरा बीच में छोड़ा।’’ जमात के प्रचार विभाग के प्रमुख एहसानुल महबूब जुबैर ने इससे पहले ‘द डेली स्टार’ को बताया था कि रहमान ने ‘‘मलेशिया का कार्यक्रम रद्द कर दिया है और ऑस्ट्रेलिया में अपनी व्यस्तताएं पूरी करने के बाद स्वदेश लौट रहे हैं।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या जमात प्रमुख प्रधानमंत्री तारिक रहमान के साथ संभावित बातचीत के कारण समय से पहले लौट रहे हैं, जुबैर ने कहा, ‘‘हां, यह भी उन कारणों में से एक है, जिनकी वजह से हमें लगता है कि उनका लौटना जरूरी है।’’ हालांकि, उन्होंने इस बारे में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया।

प्रधानमंत्री ने 18 नवंबर को संसद परिसर में रहमान के साथ निजी बातचीत की थी। यह बातचीत अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के लंबित मृत्युदंड के बावजूद स्वदेश लौटने की उनकी घोषित योजना को लेकर बढ़े राजनीतिक तनाव के बीच हुई थी। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अधिकारियों ने कहा कि बृहस्पतिवार तक तारिक रहमान और शफीकुर रहमान के बीच बैठक के लिए कोई औपचारिक कार्यक्रम या तारीख तय नहीं की गई थी।

प्रमुख खबरें

Christchurch Test: Akash Deep के दोहरे झटके से New Zealand बैकफुट पर, चाय तक 131/4

अखिलेश यादव भी छह महीने जेल में रहते तो पता चलता... Azam Khan की टिप्पणी पर सपा प्रमुख की भावुक प्रतिक्रिया | Uttar Pradesh Elections 2027

Kisan Credit Card घोटाला: 21 साल से फरार आरोपी को CBI ने सूरत से दबोचा

World Chess Championship में D Gukesh और सिंदारोव की तीसरी बाजी 60 चालों में ड्रॉ