मोदी-योगी पर अखिलेश का प्रहार, लोगों से कहा- फूल से खुशबू नहीं आती, साइकिल की रफ्तार बढ़ाना है

By अंकित सिंह | Dec 01, 2021

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं। वह राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में जा रहे हैं और रैली को संबोधित कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बांदा पहुंचे थे। बांदा में अखिलेश यादव ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की योगी सरकार पर जबरदस्त तरीके से हमला किया। टीईटी परीक्षा पेपर लीक को लेकर भी योगी सरकार पर अखिलेश ने निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि अभी टीईटी की परीक्षा हुई थी लाखों नौजवान परीक्षा देने गए इतनी मेहनत और परिश्रम किया पैसा खर्च किया लेकिन जैसे ही परीक्षा में बैठे पता लगा परीक्षा का पेपर लीक हो गया। हमारे नौजवान जानते हैं कि यह पेपर पहली बार लीक नहीं हुआ है यह सरकार जानबूझकर पेपर लीक करती है। यह लीक करने वाली सरकार है। हम आपको भरोसा दिला कर जा रहे हैं कि समाजवादियों की सरकार लाइए। रोजगार पाइए, नौकरी पाइए।

अखिलेश ने कहा कि बुदेंलखंड एक्सप्रेस-वे 4.5 साल बाद भी आधा अधूरा है, पूरा नहीं हो पाया है। घर-घर नल पहुंचाने की योजना राठ से शुरू की गई थी, लेकिन राठ की योजना को बंद कर दिया गया। अभी भी बुंदेलखंड के घरों में नल से पानी पहुंचा है। ये दमदार सरकार चलाने वाले लोग नहीं हैं ये दमदार झूठ बोलते हैं। बुंदेलखंड के नौजवानों को नौकरी, रोजगार में पीछे छोड़ दिया। अगर किसी ने सपनों को मारा है तो ये झूठ बोलने वालों ने किया है। किसानों को खाद और DAP नहीं मिल रहा है। सरकार ने कोई इंतजाम नहीं किया। 

इसे भी पढ़ें: जिनके पास परिवार नहीं है, वे जनता का दर्द नहीं समझ सकते : अखिलेश यादव

मोदी-योगी पर निशाना

मोदी-योगी पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। ये वही लोग हैं जिन्होंने कहा था कि चप्पल पहनने वाले लोगों को हम हवाई यात्रा करवाएंगे और पेट्रोल-डीज़ल इतना मंहगा हो गया है कि गरीब की गाड़ी नहीं चल सकती है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर वाली सरकार और बुलडोजर वाले लोग याद रखें बुलडोजर सड़क पर चला करता है, लोगों पर बुलडोजर नहीं चलता। लोगों के पास इस बार वोट का अधिकार है इतना वोट का बुलडोजर चलेगा कि भाजपा के लोगों का पता नहीं लगेगा। भाजपा पर हमला करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी के लोगों ने बहुत झूठे सपने आप लोगों को दिखाए। यह झूठ के फूल हैं। इनके फूल में खुशबू नहीं आती। इसलिए साइकिल की रफ्तार बढ़ाना है। 100 नंबर वाली पुलिस जीप को भी बर्बाद कर दिया। भाजपा के लोग कहते थे नोटबंदी हो जाएगी भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। काला धन वापस आ जाएगा। बताओ नोटबंदी के बाद कौन सा भ्रष्टाचार रुक गया?

प्रमुख खबरें

India GDP Growth पर बढ़ा भरोसा S&P ने वृद्धि अनुमान बढ़ाकर 7 Percent किया

Faridabad के बड़खल में अवैध खनन पर NGT सख्त, Haryana सरकार को भेजा नोटिस

Wildlife SOS के 12 केंद्रों की होगी जांच, CZA ने छह राज्यों को दिया निरीक्षण का निर्देश

Asian Games: एथलेटिक्स के पहले दिन भारत को दो पदक, रोइंग और वुशु में भी मिली सफलता