By अंकित सिंह | Jul 10, 2024
समाजवादी पार्टी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को अयोध्या में बाहरी लोगों को जमीन की कथित बिक्री को लेकर भाजपा सरकार पर हमला किया और अरबों रुपये के भूमि घोटाले का दावा किया। उन्होंने इन भूमि सौदों की गहन जांच की भी मांग की। उन्होंने एक एक्स पोस्ट में लिखा कि जैसे-जैसे अयोध्या की ज़मीन के सौदों का भंडाफोड़ हो रहा है, उससे ये सच सामने आ रहा है कि भाजपा राज में अयोध्या के बाहर के लोगों ने मुनाफ़ा कमाने के लिए बड़े स्तर पर ज़मीन की ख़रीद-फ़रोख़्त की है।
वहीं, इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा था कि उनकी पार्टी आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उसी तरह हराएगी, जैसे उसने हालिया लोकसभा चुनाव में अयोध्या में उसे हराया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने अहमदाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। गांधी ने कहा, ‘‘उन्होंने (भाजपा ने) हमें धमकाकर और हमारे कार्यालय को नुकसान पहुंचाकर हमें चुनौती दी है। मैं आपको बताना चाहता हूं कि हम सब मिलकर उनकी सरकार को उसी तरह तोड़ देंगे जैसे उन्होंने हमारे कार्यालय को नुकसान पहुंचाया है। यह लिखकर ले लीजिए कि कांग्रेस गुजरात में चुनाव लड़ेगी और नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा को गुजरात में हराएगी, जैसा हमने अयोध्या में किया था।’’