By एकता | Aug 30, 2026
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अगले कुछ महीनों में एक लाख युवाओं को नौकरी देने के हालिया बयान पर तंज कसा है। रविवार को लखनऊ में सपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही समय बचा है और इसी दौरान एक लाख नौकरियां देने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि जनवरी के बाद आचार संहिता लागू हो जाएगी। उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
उन्होंने कहा कि मंदिरों के बाहर बड़ी संख्या में लोग दान मांगते दिखाई देते हैं, लेकिन कोई भिखारी मंदिर के अंदर से चोरी नहीं करता। अखिलेश ने भाजपा को ‘अधर्मी’ बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी भगवान को चढ़ाए गए चढ़ावे में भी चोरी कर रही है।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए उसे ‘मिलावटी’ बताया। उन्होंने ई20 पेट्रोल को लेकर चल रहे विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि इन ‘मिलावटी लोगों’ ने पेट्रोल में भी मिलावट कर दी है। उनका इशारा पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक इथेनॉल मिश्रण वाले ई20 ईंधन को लेकर चल रही बहस की ओर था।
सपा प्रमुख ने कहा कि अगर उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में दोबारा सत्ता में आती है तो भाजपा शासन के दौरान बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोला जाएगा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि स्कूल बंद होने का सबसे ज्यादा असर पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों पर पड़ा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नहीं चाहती कि पीडीए समुदाय के लोग शिक्षित हों। अखिलेश ने कहा कि गांवों में स्कूल बंद होने से खासतौर पर लड़कियों की शिक्षा प्रभावित हुई है।
अखिलेश यादव ने जातीय जनगणना कराने और पिछड़े वर्गों को समान अधिकार देने की अपनी मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि जिस तरह बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने संविधान में समाज के हर वर्ग के हितों को जगह दी, उसी तरह समाजवादी पार्टी आबादी के आधार पर अलग-अलग समुदायों को प्रतिनिधित्व और अधिकार दिलाने की कोशिश करेगी।