By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026
(किशोर द्विवेदी) लखनऊ, 23 नवंबर समाजवादी पार्टी (सपा)प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई ऑनलाइन पहल ‘अखिलेश सुन रहे हैं’ के शुरुआती 48 घंटे में करीब 1500 प्रतिवेदन मिले हैं। अखिलेश यादव ने इस पहल के माध्यम से कहा है कि यदि 2027 में वह सत्ता में आते हैं तो व्यक्तिगत रूप से इन समस्याओं का समाधान करेंगे। समाजवादी पार्टी से जुड़े दो सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अधिकतर प्रार्थना पत्र 35 वर्ष से कम आयु के लोगों की ओर से आए हैं जिससे पता चलता है कि इस पहल से युवा सीधे तौर पर जुड़ रहे हैं।
अखिलेश यादव ने लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन में ‘अखिलेश सुन रहे हैं डॉट कॉम’ को संचालित करने की घोषणा की और शनिवार से इसने काम करना शुरू किया। इस वेबसाइट पर लोगों से उनकी समस्याएं, प्रश्न, सुझाव और विचार आमंत्रित किए गए हैं कि वे उत्तर प्रदेश में किस तरह का सुधार देखना चाहते हैं। सबसे अधिक संख्या में प्रार्थना पत्र प्रयागराज, लखनऊ, आजमगढ़, जौनपुर और गाजीपुर से आए हैं।
उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, सहारनपुर और बिजनौर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भी उल्लेखनीय भागीदारी दर्ज की गई है। इन प्रार्थना पत्रों में सबसे अधिक चिंता रोजगार को लेकर व्यक्त की गई है जिसके बाद लोगों ने शिक्षा, परीक्षा और भर्ती को लेकर चिंता जताई है। सूत्रों ने कहा कि इस वेबसाइट में रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास, भर्ती, उद्यमशीलता, एआई और उभरती प्रौद्योगिकियों, स्वास्थ्य, कृषि, महिलाओं के मुद्दे, सुरक्षा, खेल एवं संस्कृति वर्गों को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव व्यक्तिगत रूप से इन प्रार्थना पत्रों को देख रहे हैं और व्यक्तियों द्वारा उठाई गई चिंताओं के जवाब तैयार किए जा रहे हैं। सूत्रों ने कहा, यह पूरी तरह से अखिलेश का दृष्टिकोण है। वह एक ऐसा मंच चाहते थे जहां युवा बिना मध्यस्थों के सीधे उनसे बात कर सकें और यह महसूस कर सकें कि नेतृत्व के स्तर पर उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं।
पार्टी के एक सूत्र ने कहा, इस पहल का उद्देश्य चुनावी घोषणा पत्र के लिए केवल सुझाव एकत्रित करना नहीं है, बल्कि यह समझना है कि एक व्यक्ति अपने क्षेत्र में किन समस्याओं से गुजर रहा है। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 62 में काम करने वाली एक महिला ने प्रतिदिन के आवागमन के लिए विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा उठाया और कहा कि महंगे कैब और सुरक्षा चिंताओं से शाम को घर लौटना मुश्किल हो जाता है। इस मुद्दे पर अखिलेश यादव ने अपने जवाब में कहा है कि शहरी विकास को महज सड़क निर्माण तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन भी सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने बेहतर बस मार्गों, नियमित सेवाओं, महिलाओं की सुरक्षा और अंतिम छोर तक संपर्क की जरूरत भी रेखांकित की। एक अन्य प्रार्थना पत्र में पीलीभीत में वन के निकट एक गांव के व्यक्ति ने बाघों और हाथियों के खतरे को रेखांकित किया जिसके जवाब में यादव ने समय पर चेतावनी, प्रशिक्षित बचाव टीमों और फसलों के नुकसान का एक पारदर्शी आकलन एवं प्रभावित परिवारों के लिए आसान मुआवजा की वकालत की। साथ ही उन्होंने वनों के निकट रह रहे लोगों की सुरक्षा और आजीविका और वन्यजीव संरक्षण साथ साथ चलना चाहिए।