By एकता | Nov 23, 2026
अगर आपको लगता है कि आपके रिश्ते में अब कुछ नया नहीं बचा है और रोमांस धीरे-धीरे खत्म हो रहा है, तो हो सकता है आप गलत हों। किसी भी रिश्ते में प्यार और नजदीकियां बढ़ाने के कई तरीके होते हैं। जरूरी नहीं कि रोमांस का मतलब सिर्फ फिजिकल होना ही हो। कभी एक प्यारा सा किस, कभी साथ में वक्त बिताना और कभी छोटी-छोटी शरारतें भी रिश्ते में नई ताजगी ला सकती हैं।
रिलेशनशिप थेरेपिस्ट क्लेयर पेरेलमैन ने इस बारे में कुछ खास बातें शेयर की हैं। उनका कहना है कि कई कपल्स एक-दूसरे से प्यार तो करते हैं, लेकिन उनके बीच शारीरिक नजदीकियां कम हो जाती हैं।
क्लेयर पेरेलमैन के मुताबिक, कई कपल्स की जिंदगी एक तय रूटीन में सिमट जाती है। ऑफिस से घर आना, खाना खाना, टीवी देखना और फिर सो जाना। इस रोजमर्रा की भागदौड़ में पार्टनर के साथ प्यार भरे पल बिताने और एक-दूसरे के करीब आने का समय ही नहीं मिल पाता। उन्होंने बताया कि अगर कपल्स अपनी रोमांटिक जिंदगी के लिए जानबूझकर समय नहीं निकालेंगे, तो धीरे-धीरे उनके रिश्ते से रोमांस कम होने लगेगा। ऐसे में जरूरी है कि रोजमर्रा की जिंदगी में ही एक-दूसरे के लिए प्यार और नजदीकियों के छोटे-छोटे मौके बनाए जाएं।
रिश्ते में रोमांस बनाए रखने के लिए हमेशा किसी खास मौके का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। छोटी-छोटी आदतें भी पार्टनर को खास महसूस करा सकती हैं।
- घर लौटने पर पार्टनर को कम से कम 6 सेकंड तक किस करें।
- कुछ समय ऐसा रखें, जब दोनों के हाथ में फोन न हो।
- इस दौरान ऑफिस, बच्चों या घर के कामों की बातें करने के बजाय एक-दूसरे पर ध्यान दें।
- दिनभर की भागदौड़ के बीच कुछ पल सिर्फ अपने रिश्ते के लिए निकालें।
क्लेयर के मुताबिक, काम और जिम्मेदारियों से भरी जिंदगी से रोमांटिक पलों की ओर बढ़ने के लिए थोड़ा समय निकालना जरूरी है। इसके लिए आप कुछ आसान तरीके अपना सकते हैं।
- पार्टनर के साथ नहाने का प्लान बनाएं।
- साथ में बिना कपड़ों के आराम से लेटकर एक-दूसरे को गले लगाएं।
- एक-दूसरे को मसाज दें।
- बिना किसी जल्दबाजी के साथ बैठें और प्यार भरे पल बिताएं।
इन छोटी-छोटी कोशिशों से दोनों को रोजमर्रा की जिम्मेदारियों से हटकर एक-दूसरे के साथ जुड़ने का मौका मिल सकता है।
क्लेयर पेरेलमैन का कहना है कि अच्छी और संतुष्ट रोमांटिक जिंदगी की शुरुआत घर पहुंचने के बाद नहीं, बल्कि उससे पहले ही हो जाती है। इसके लिए आप दिनभर में भी अपने पार्टनर को खास महसूस करा सकते हैं।
- दिन में प्यार भरे संदेश भेजें।
- पार्टनर को बताएं कि आप उनसे मिलने के लिए कितने उत्साहित हैं।
- घर से निकलने से पहले कुछ देर गले लगें और किस करें।
- सुबह की भागदौड़ के बीच भी एक-दूसरे के साथ प्यार भरे पल बिताएं।
किसी भी रिश्ते में समय के साथ जिम्मेदारियां बढ़ती हैं और कई बार रोमांस पीछे छूट जाता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि प्यार या आकर्षण खत्म हो गया है। एक-दूसरे के लिए समय निकालना, खुलकर बात करना और छोटी-छोटी कोशिशें करना रिश्ते में दोबारा नजदीकियां बढ़ाने में मदद कर सकता है। आखिरकार, रोमांस के लिए हमेशा किसी बड़े प्लान की जरूरत नहीं होती। कभी-कभी एक किस, एक प्यारा संदेश या कुछ पल का साथ ही काफी होता है।