मतदाता सूची में धांधली पर Akhilesh Yadav की चेतावनी, गड़बड़ी करने वाले अफसरों पर दर्ज होगी FIR

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची में कथित धांधली को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अधिकारियों पर निशाना साधते हुए दावा किया कि जनता फॉर्म-6 में गड़बड़ी करने वाले नेताओं और भ्रष्ट अधिकारियों को सबक सिखाएगी। सपा प्रमुख ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “फॉर्म-6 की किसी भी गड़बड़ी के लिए जनता भाजपा के नेताओं और भ्रष्ट अधिकारियों को छठी का दूध याद दिला देगी। भ्रष्ट अधिकारियों का अगला पड़ाव कारागार होगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके षड्यंत्रकारी साथी उत्तर प्रदेश में अपनी हार सामने देखकर विशेष मुहिम के तहत एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरे) श्रेणी के नाम पर फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़ने की साजिश कर रहे हैं।

यादव ने कहा कि बूथ से लेकर निर्वाचन आयोग तक पार्टी के बूथ प्रभारी, पीडीए प्रहरी, घोषित और संभावित प्रत्याशी तथा प्रदेश, जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारी मतदाता सूची में जुड़ने वाले हर नए नाम पर नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था की गई है कि हर जागरूक नागरिक अपने पड़ोस में जुड़ने वाले नए मतदाताओं के नाम पर निगरानी रख सके। पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया, “हम एक-एक वोट का हिसाब मांगेंगे और जरा भी बेईमानी होने पर किसी का नाम मतदाता सूची में जुड़ने नहीं देंगे।

अगर किसी तरह नाम जुड़ भी गया तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ सबूतों के साथ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराएंगे, उसे नौकरी से बर्खास्त कराएंगे, उसकी पेंशन और कोष रुकवाएंगे तथा सजा भी दिलवाएंगे।” यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा अधिकारियों पर दबाव डालकर गैरकानूनी तरीके से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ एक-एक सबूत जुटाया जाएगा और प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। सपा प्रमुख ने चेतावनी दी कि इस कथित लोकतांत्रिक अपराध में शामिल सभी लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर उन्हें सजा दिलाई जाएगी।

उन्होंने कहा, “जब मुकदमा चलेगा और सजा होगी तो कोई भाजपा का कोई नेता इन दोषी अधिकारियों को बचाने नहीं आएगा। अधिकारी याद रखें, भाजपा किसी की सगी नहीं है।” यादव ने कहा कि जेल में सजा भुगतते समय भ्रष्ट अधिकारी अपने किए पर पछताएंगे और उनके परिवार के लोगों को बाहर रिश्तेदारों तथा मित्रों की उलाहना झेलनी पड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि जो अधिकारी सात पुश्तों के लिए कमाने की सोच रहे हैं, उनकी तेजी से बढ़ती जमीन-जायदाद पर भी जनता की नजर है और जांच होने पर कानून उनकी अवैध संपत्ति जब्त कर लेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने ‘जय संविधान-जय हिंदुस्तान’ का नारा देते हुए कहा, “जनता की स्पष्ट चेतावनी है : न कोई बेईमान बचेगा, न किसी बेईमान को छोड़ा जाएगा।” इससे पहले, उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने मंगलवार को मसौदा मतदाता सूची जारी करते हुए कहा कि दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक रहेगी।

प्रमुख खबरें

केरल में बिजली खरीद सौदों पर CPI M का भ्रष्टाचार का आरोप, न्यायिक जांच की मांग

Brad Pitt ने Robert Pattinson को बताया बेस्ट James Bond, बोले- मुझे विलेन बनाओ

Quad और ASEAN Summit में दुनिया ने माना Modi Diplomacy का लोहा, China जाने से पहले मोदी से मिले Trump, दोनों ने मिलकर पलटा पूरा गेम

Nvidia के एडवांस चिप के लिए US License हुआ जरूरी, भारत समेत 12 देशों पर नए नियम