सहारनपुर कलेक्ट्रेट मस्जिद ध्वस्तीकरण: Allahabad High Court ने 9 दिसंबर तक बढ़ाई सुनवाई

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण के आदेश को चुनौती देने वाली रिट याचिका पर सुनवाई नौ दिसंबर, 2026 तक के लिए बुधवार को टाल दी। इस रिट याचिका के जरिए सहारनपुर के जिला जज के आदेश को चुनौती दी गई है जिसमें जिला जज ने मस्जिद को ध्वस्त करने के सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश को सही ठहराया था। उच्च न्यायालय ने गैर-कानूनी कब्जे के लिए मस्जिद प्रबंधन समिति पर 6.41 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति की वसूली पर पूर्व में लगाई गई रोक भी बढ़ा दी।

सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित वह मस्जिद इस वर्ष पांच सितंबर को ध्वस्त कर दी गई थी। बुधवार को याचिकाकर्ता के वकील ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दाखिल जवाबी हलफनामा के जवाब में रिज्वाइंडर हलफनामा दाखिल किया। न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल ने मोहम्मद तनवीर अहमद नाम के व्यक्ति द्वारा दायर याचिका पर यह आदेश पारित किया।

अहमद ने 16 जुलाई, 2026 को सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा पारित आदेश और दो सितंबर, 2026 को सहारनपुर के जिला जज द्वारा पारित आदेश को चुनौती दी है। जिला जज ने कब्जा खाली कराने और 6.41 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति के सिटी मजिस्ट्रेट को सही ठहराया था। याचिकाकर्ता के मुताबिक, जिस जमीन पर उक्त मस्जिद स्थित थी, उसके मूल स्वामी याकूब खान और वाहिद खान थे और उपयोगकर्ताओं द्वारा उस जमीन का उपयोग वक्फ के तौर पर किया जा रहा था।

याचिकार्ताओं ने कहा कि विवादित जमीन पर मस्जिद सैकड़ों वर्षों से थी और आदेश पारित करते समय इस तथ्य पर विचार नहीं किया गया। राज्य सरकार के वकील के मुताबिक, रिकॉर्ड के मुताबिक, उक्त संपत्ति कचहरी थी। याचिकाकर्ता द्वारा दाखिल लिखित बयान में एक ओर जहां उसने दावा किया कि मूल भू स्वामी याकूब खान और वाहिद खान थे, लेकिन इस तथ्य का कोई उल्लेख नहीं किया गया कि उक्त संपत्ति कब वक्फ की हो गई और ना ही वक्फ विलेख रिकॉर्ड में प्रस्तुत किया गया।

उनके मुताबिक, उक्त संपत्ति पर दावा करने के लिए भू-स्वामी सामने नहीं आए। साथ ही यह दलील भी दी गई कि विवादित जमीन पर एक डाक घर चल रहा है और कब्जा खाली कराने की कार्रवाई इस आधार पर की गई कि किराए पर कमरा लेने के बाद मस्जिद का निर्माण किया गया और नमाज अदा की जा रही थी। सिटी मजिस्ट्रेट ने 16 जुलाई को 315 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्थित मस्जिद खाली करने का आदेश पारित किया।

इस आदेश में मस्जिद की प्रबंधन समिति पर 6.41 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। इसके बाद, प्रबंधन समिति ने मजिस्ट्रेट के आदेश के खिलाफ जिला अदालत में अपील की। हालांकि, जिला जज ने दो सितंबर को ध्वस्तीकरण का आदेश सही ठहराते हुए अपील खारिज कर दी।

इसके बाद, अधिकारियों ने पांच सितंबर, 2026 को मस्जिद गिरा दी।

प्रमुख खबरें

Bhupesh Baghel का आरोप, पेंड्रावन जलाशय क्षेत्र में खनन की दी अनुमति

South Africa के Wiaan Mulder ने रचा इतिहास Test Cricket में तिहरा शतक और 7 विकेट

PRAGATI बैठक में 78000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की समीक्षा, PM Modi बोले- काम में देरी से होता है बड़ा नुकसान

BJP में CM चेहरे पर Yogi Adityanath बोले, कमल ही सब कुछ है और यह सभी जानते हैं