विपक्षी दलों का गठबंधन ‘फ्यूज ट्रांसफॉर्मर’, रोशनी नहीं दे सकता : लक्ष्मीनारायण चौधरी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 20, 2023

उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया पर तंज कसते हुए इस समूह के सदस्यों को ‘‘फ्यूज ट्रांसफॉर्मर’’ करार दिया और कहा कि ये जीरो वाट का बल्ब भी नहीं जला सकते, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी एक ऐसा ‘ट्रांसफॉर्मर’ हैं जो हर जगह प्रकाश फैलाते हैं। चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से एक साक्षात्कार में कहा, उदाहरण के लिए 250 यूनिट के 10 ट्रांसफॉर्मर हैं, लेकिन फ्यूज ट्रांसफॉर्मर हैं, इसलिए वे जीरो वाट का बल्ब भी नहीं जला पाएंगे। वहीं, (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी एक ऐसे ट्रांसफॉर्मर हैं, जो हर जगह रोशनी फैलाते हैं। वे (विपक्षी गुट) फ्यूज ट्रांसफॉर्मर हैं, इसलिए 2024 के लोकसभा चुनाव में उनका अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन में घोटालेबाज सदस्य हैं, जिनमें सभी के बीच मतभेद का इतिहास रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा का एक प्रमुख चेहरा माने जाने वाले चौधरी ने कहा कि क्षेत्र में जाट एक प्रमुख जाति है और वह भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने हाल में मैनपुरी सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार की जीत को दिवंगत सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के प्रति सहानुभूति लहर का परिणाम बताया और कहा कि यह सीट भविष्य में भाजपा के लिए अभेद्य नहीं है। इसी सीट से यादव सांसद थे। मंत्री ने यह भी कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने पिछली सरकारों के दौरान बंद हुईं कई चीनी मिल को फिर से शुरू किया और अपने कार्यकाल में कई नयी मिल खोली हैं। चौधरी ने कहा, बसपा सरकार के कार्यकाल (2007 से 2012) में 19 चीनी मिल बंद हो गईं, जबकि सपा शासन (2012 से 2017) में 11 चीनी मिल बंद हुईं। हमारी सरकार आने के बाद हमने बंद चीनी मिल फिर से शुरू की हैं और नयी मिल भी स्थापित की गई हैं। किसान जब किसी फसल में मुनाफा देखेगा तो उसकी ओर बढ़ेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि 2017 तक राज्य में 20 लाख हेक्टेयर में गन्ने की खेती होती थी और अब यह क्षेत्र बढ़कर 29 लाख हेक्टेयर हो गया है।

प्रमुख खबरें

Jamshedpur में सड़क हादसे में मंत्री Deepika Pandey Singh की बेटी समेत 4 की मौत

Asian Games 2026: 25 सितंबर को ट्रैक, कोर्ट और रिंग में उतरेगा भारत, देखें पूरा शेड्यूल

Bihar Govt ने बोर्ड व आयोगों के अध्यक्षों का वेतन बढ़ाकर 65000 रुपये किया

Federal Judge के आदेश के बाद White House में CNN और MS Now पत्रकारों की वापसी