भाजपा को रोकने के नाम पर ममता से हाथ नहीं मिलाएंगेः येचुरी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 22, 2018

माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा है कि देश में भाजपा को रोकने के लिये विपक्ष की एकता के नाम पर पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से हाथ मिलाने का सवाल ही नहीं उठता है। येचुरी ने आज संवाददाताओं को बताया कि भाजपा की अगुवायी वाली सरकारें देश में और ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी सरकार पश्चिम बंगाल में एक समान रूप से लोकतंत्र की हत्या कर रही हैं। उन्होंने कहा ‘‘माकपा अगले साल लोकसभा चुनाव में ममता और मोदी, दोनों को हरायेगी। वहीं, केरल में हम कांग्रेस को हरायेंगे।’’

माकपा की इस रणनीति से भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिये विपक्षी दलों की एकजुटता को झटका लगने और माकपा के अलग थलग पड़ने के सवाल पर येचुरी ने कहा ‘‘अतीत में भी भाजपा को रोकने के लिये अब तक बने सभी मोर्चे चुनाव के बाद गठित हुये। हाल ही में कर्नाटक में भी चुनाव परिणाम आने के बाद ही यह गठजोड़ बना।’’ उन्होंने स्पष्ट किया कि देशव्यापी स्तर पर किसी मोर्चे की बात करना व्यर्थ है। क्योंकि राज्यों में क्षेत्रीय दलों के लिये भिन्न भिन्न परिस्थतियां हैं। इसलिये पूरे देश के लिये एक मोर्चा बनाने की राजनीति नहीं चल सकती है। भाजपा को हराने के लिये गठजोड़ के भविष्य के सवाल पर येचुरी ने कहा ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि चुनाव के बाद यह गठजोड़ बनेगा और सत्ता में आने से भाजपा को रोक कर सरकार बनायेगा।’’ इस कवायद में ममता बनर्जी की भूमिका के सवाल पर येचुरी ने कहा ‘‘हमारा नारा बिल्कुल स्पष्ट है, देश की सत्ता से मोदी को और बंगाल की सत्ता से ममता को हटाना है।’’

 

प्रमुख खबरें

तापीय बिजली संयंत्रों के पास मानक के मुकाबले 68 प्रतिशत कोयले का भंडार: सरकारी आंकड़ा

इस सप्ताह तीन कंपनियां लाएंगी IPO, 6,400 करोड़ रुपये जुटने की उम्मीद

दो साल में आवास ऋण बकाया 10 लाख करोड़ रुपये बढ़ा : RBI आंकड़े

Modi के 400 पार के नारे के साथ दिखी Mumbai की जनता, जताया जीत का विश्वास