महाराष्ट्र में मंत्रियों के विभागों का आवंटन, फडणवीस को गृह, शिंदे को मिला नगर विकास विभाग

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 14, 2022

मुंबई, 15 अगस्त। मंत्रिपरिषद में 18 मंत्रियों को शामिल करने के पांच दिन बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को विभागों का आवंटन कर दिया। उन्होंने नगर विकास और 11 अन्य विभाग जहां अपने पास रखे हैं, वहीं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को अहम गृह विभाग आवंटित किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि भाजपा नेता फडणवीस वित्त और योजना विभाग भी संभालेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ही राधाकृष्ण विखे पाटिल नए राजस्व मंत्री होंगे। वह 2019 के विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।

फडणवीस, गृह, वित्त और योजना विभागों के अलावा कानून और न्यायपालिका, जल संसाधन, आवास, ऊर्जा और प्रोटोकॉल विभाग भी संभालेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करीबी माने जाने वाले चंद्रकांत पाटिल नए उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री होंगे। इसके साथ ही वह कपड़ा और संसदीय कार्य विभाग भी देखेंगे। पूर्व में, वह लोकनिर्माण और सहकारिता मंत्री थे। सुधीर मुनगंटीवार को वन, मत्स्य विकास और सांस्कृतिक मामलों के विभाग आवंटित किए गए हैं। साल 2014-19 तक वह वित्त और योजना के साथ-साथ वन मंत्री भी थे।

भाजपा के अतुल सावे को सहकारिता और ओबीसी कल्याण विभाग दिया गया है, जबकि रवींद्र चव्हाण को लोकनिर्माण और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग दिया गया है। दोनों विगत में कुछ समय के लिए राज्य मंत्री रहे थे। भाजपा की मुंबई इकाई के पूर्व अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा को पर्यटन विकास, कौशल विकास और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय मिला है। फडणवीस के करीबी गिरीश महाजन को ग्रामीण विकास और पंचायती राज, चिकित्सा शिक्षा और खेल और युवा विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

विजयकुमार गावित को आदिवासी विकास विभाग दिया गया है, जबकि पश्चिमी महाराष्ट्र से भाजपा विधायक सुरेश खाड़े को श्रम विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। शिवसेना के शिंदे के नेतृत्व वाले समूह से दीपक केसरकर स्कूली शिक्षा मंत्री बनाए गए हैं। गुलाबराव पाटिल को जल आपूर्ति और स्वच्छता विभाग दिया गया है, जबकि पूर्व में कृषि मंत्री रहे दादा भुसे अब बंदरगाह और खनन मामलों के मंत्री होंगे। अब्दुल सत्तार को कृषि विभाग दिया गया है। पूर्व में उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री रहे उदय सामंत को उद्योग विभाग दिया गया है।

शिंदे खेमे के विवादास्पद नेता संजय राठौड़ खाद्य एवं औषधि विभाग संभालेंगे। राठौड़ पहले उद्धव ठाकरे सरकार में वन मंत्री थे। भाजपा नेताओं द्वारा एक महिला को आत्महत्या के लिए उकसाए जाने का आरोप लगाए जाने के बाद उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा था। तानाजी सावंत को जनस्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, शंभूराज देसाई को आबकारी विभाग और संदीपन भुमरे को रोजगार गारंटी योजना और बागवानी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रमुख खबरें

Pitru Paksha 2026: पूर्णिमा तिथि के श्राद्ध की संपूर्ण विधि, सामग्री और ऋषि तर्पण के विशेष मंत्र

Pitru Paksha में Purnima Shraddh पर तर्पण और Panchabali की पूरी विधि

Nagpur-Mumbai Duranto Express पर पत्थरबाजी, शीशा टूटने से यात्री घायल, रेलवे की चेतावनी- ट्रेन पर पत्थर फेंका तो भुगतनी होगी 10 साल की जेल

Asian Games: Manush Shah और Yashaswini Ghorpade प्री-क्वार्टर फाइनल में हारे