शराब का लाजवाब शबाब (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Jan 13, 2024

शराब का अपना शबाब होता है। हमारे यहां मदिरा बहुत अनुशासित और सांस्कृतिक तरीके से पी जाती है जिसमें बची खुची शर्म और हया भी शामिल है। अब खुलेपन और निहायत बेशर्मी ने हमारे पीयू समाज पर कब्ज़ा करना शुरू कर रखा है लेकिन विदेशों में मदिरापान की पूरी विकसित संस्कृति बहुत पहले से है। परिवार में सुबह के नाश्ते से लेकर रात को सोने से पहले तक इसका मज़ा लिया जाता है। सैंकड़ों किस्म और स्वाद की वाइन बनाई जाती है जिनका स्वाद विकसित करने के लिए समंदर में भी रखा जाता है। 

इसे भी पढ़ें: सर्दी है सर्दी (व्यंग्य)

वहां के एक विश्वविद्यालय की रिपोर्ट की दिलचस्प बात यह है कि महीने भर शराब न पीकर लोगों ने अधिक ऊर्जावान महसूस किया। उन्हें बेहतर नींद भी आई। ग्यारह महीने पीते रहने से बढ़ गया वज़न भी कम होने लगा। ब्लड शुगर लेवल भी नीचे उतरा । बेहद प्रशंसनीय और अचरज भरी बात यह पता चली कि चार सप्ताह शराब न पीने से पुरुषों से ज़्यादा महिलाओं पर बहुत सकारात्मक असर हुआ। उनकी कई बीमारियां जल्दी ठीक होती दिखी और स्वास्थ्य में सुधार हुआ। यह विदेशी विश्वविद्यालय भी कैसे कैसे काम करवाते रहते हैं। इन्हें हमारे समझदार विश्वविद्यालयों से सीखना चाहिए कि पढाई लिखाई क्या वस्तु होती है।

हमारे यहां कोई ऐसे अध्ययन नहीं करवाता न ही ज़रूरत है। किसी को भी एक महीना या कुछ दिन शराब छोड़ने के लिए नहीं बल्कि ऐसी सुविधा संस्कृति उपलब्ध करवाई जा रही है कि सिर्फ एक बार मिली ज़िंदगी की परेशानियां शराब और दूसरे नशों में डूबकर कम कर सकें। हमारे यहां तो पीना लगातार ऊर्जा का स्रोत है और तनाव कम करने का तो है ही। गोवा जैसी खूबसूरत धरती पर, जहां की फैनी बहुत प्रसिद्ध रही है, किया गया शोध बताता है कि तनाव, अवसाद, चिंता, थकान, वर्क लाइफ संतुलन, प्रशासनिक दबाव, मौत को नज़दीक से देखने और भावनात्मक बोझ में लिपटी ज़िंदगी के लिए शराब संबल का काम कर रही है। ऐसी वफादार दोस्त को, कोई एक महीना तो क्या एक शाम के लिए भी क्यूं छोड़ेगा।  

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया

Ranchi T20: Shai Hope के नाबाद शतक से जीता West Indies, सीरीज 1-1 से बराबर