By अभिनय आकाश | Mar 23, 2024
रूस में आतंकी हमला हुआ है। इस हमले में अब तक 80 लोगों के मारे जाने की खबर है। जबकि सौ से अधिक लोग घायल हो गए हैं। आतंकी संगठन आईएसआईएस ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। आपको बता दें कि कल हथियारों से लैस आतंकी एक मॉल में घुस गए थे। हथियारबंद आतंकियों ने वहां पर मौजूद भीड़ के ऊपर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। आतंकियों ने मॉल में पेट्रोल बम फेंककर आग भी लगा दी। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की खबर है। आतंकी संगठन आईएसआईएस ने अमाक न्यूज एजेंसी के जरिए बयान जारी करते हुए कहा कि इस्लामिक स्टेट के लड़ाकों ने रूस की राजधानी मॉस्को के बाहरी इलाके क्रास्नोगोर्स्क शहर में इसाईयों के एक बड़े सभा पर हमला किया। जिसमें सैकड़ों लोग घायल हो गए और मारे गए। उनके अपने सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचने से पहले जगह पर भारी विनाश हुआ।
रूस में मौजूद यूएस एबेंसी ने बड़े हमले की आशंका पहले ही जताई थी। लेकिन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसकी निंदा की थी। पुतिन 18 मार्च को ही पांचवी बार रूस के राष्ट्रपति बने हैं। इसके पांच दिन बाद बड़ा आतंकी हमला हुआ है। अमेरिका ने कहा कि मॉस्को में अमेरिकी दूतावास ने 7 मार्च को एक चेतावनी जारी की थी जिसमें चरमपंथी हमले की आशंका जताई गई थी। 9500 लोगों से अधिक की क्षमता वाले सिटी हॉल में जो कंसार्ट हो रहा था उसकी सारी टिकटें बिक चुकी थी और शूटिंग के वक्त उस हॉल में 6000 लोगों के होने की संभावना है।