अमेरिका भारत के साथ आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाना चाहता है: Foreign Minister Rubio

By Prabhasakshi News Desk | Jan 22, 2025

वाशिंगटन । अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक की और कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन भारत के साथ आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाना चाहता है साथ ही अनियमित आव्रजन से जुड़े मुद्दों का भी हल निकालना चाहता है। रूबियो की प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी। रूबियो (53) ने सबसे पहले भारत के विदेश मंत्री के साथ पहली द्विपक्षीय बैठक करने को तरजीह दी जिससे एक प्रकार से यह संदेश गया कि ट्रंप प्रशासन भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने को काफी अहमियत देता है।

ब्रूस ने कहा, ‘‘उन्होंने क्षेत्रीय मुद्दों और अमेरिका-भारत संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के अवसरों सहित महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों, रक्षा सहयोग, ऊर्जा और स्वतंत्र एवं खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को आगे बढ़ाने जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की।’’ बैठक के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में जयशंकर ने कहा कि वह विदेश मंत्री के रूप में कार्यभार संभालने वाले रूबियो के साथ पहली द्विपक्षीय बैठक करके प्रसन्नता महसूस कर रहे हैं।

जयशंकर ने कहा, ‘‘व्यापक द्विपक्षीय साझेदारी की समीक्षा की जिसके रूबियो मजबूत समर्थक रहे हैं। साथ ही विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार साझा किए। दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग आगे बढ़ाने के वास्ते उनके साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हैं।’’ जयशंकर अमेरिकी सरकार के निमंत्रण पर डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने यहां आए हैं। ट्रंप ने सोमवार को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी।

प्रमुख खबरें

UP Politics: BJP का बड़ा Action Plan, Nitin Nabin परखेंगे Western UP में जमीनी ताकत

इंसानों को मार देगा, इंसानी कंट्रोल से बाहर... AI को लेकर हर रोज हो रहे कौन-कौन से खुलासे, सच्चाई, डर या कहानी कुछ और है?

स्कूल मान्यता रिश्वत मामले में DMK नेता Anbil Mahesh से CCB ने की पूछताछ

UPI ट्रांजेक्शन पर चार्ज को लेकर Mayawati का केंद्र पर हमला, बोलीं- बढ़ेगा आम जनता का खर्च