By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 28, 2024
नयी दिल्ली। दिल्ली में भारी बारिश के बीच शुक्रवार की सुबह कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली वितरण कंपनी के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) के अधिकारियों ने बताया कि शहर के जलभराव वाले इलाकों में तकनीकी खराबी और एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद करने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। द्वारका, जंगपुरा और लक्ष्मीनगर के लोगों ने बताया कि इन क्षेत्रों में सुबह बारिश शुरू होते ही बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई।
शुक्रवार तड़के दिल्ली में भारी बारिश हुई, जिससे शहर भर की सड़कें जलमग्न हो गईं और दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 की छत का एक हिस्सा भी ढह गया। सफदरजंग मौसम केंद्र ने 153.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है। बारिश सुबह तीन बजे से शुरू हुई। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार एक दिन में 124.5 से 244.4 मिलीमीटर बारिश बहुत भारी बारिश कहलाती है।