Congress President Election: अटकलों के बीच सचिन पायलट बोले- राजनीति में जो दिखता है, वह होता नहीं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 31, 2022

जयपुर। राजस्‍थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने पार्टी के अध्‍यक्ष पद को लेकर जारी अटकलों पर बुधवार को कहा कि “राजनीत‍ि में जो दिखता है वह होता नहीं और अक्‍तूबर में सब साफ हो जाएगा कि कौन पार्टी अध्‍यक्ष होगा।” गुलाम नबी आजाद सहित कई अन्‍य नेताओं के कांग्रेस छोड़कर जाने के सवाल पर उन्‍होंने कहा कि जनता व समय तय करेगा कि इन लोगों का फैसला सही था या गलत। यहां संवाददाताओं से बातचीत में पायलट ने कांग्रेस के अध्‍यक्ष के चुनाव को लेकर जारी अटकलों के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘किसी ने पहले भी कहा है कि राजनीति में जो दिखता है वो होता नहीं, जो होता है व दिखता नहीं, इसलिए इंतज़ार कीजिए। सब सामने आएगा।” उन्‍होंने कहा कि पार्टी में चाहे वह हों या कोई और पार्टी का आदेश सबके लिए सर्वमान्य है। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस में खुले माहौल में चुनाव प्रक्रिया कराने का इतिहास रहा है उसे हम बनाए हुए हैं। उन्‍होंने कहा, “बाकी क‍िसी भी राजनीतिक दल में, खासकर खुद को दुनिया का सबसे बड़ा दल बताने वाली भारतीय जनता पार्टी में, मैं पूछना चाहता हूं कि नियुक्ति होती कैसे हैं, अध्‍यक्ष को कौन चुनता है, कौन नामांकन भरता है? आज तक मैंने देखा नहीं कि वहां कोई पर्चा दाखिल कर उम्मीदवारी कर रहा हो... कांग्रेस में (चुनाव) हो रहा है और अक्‍तूबर में स्पष्ट हो जाएगा कि कौन पार्टी का अध्‍यक्ष होगा।” 

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस छोड़ने के बाद गुलाम नबी आजाद चार सितंबर को करेंगे जम्मू में अपनी पहली रैली

आजाद व अन्य नेताओं के पार्टी छोड़कर जाने पर उन्होंने कहा, “आज समय था भाजपा व केंद्र सरकार के खिलाफ चल रही मुहिम में कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने का, अपनी भूमिका निभाने का…लेकिन कहीं न कहीं ये नेता अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटे हैं। जैसा सोनिया गांधी खुद कह चुकी हैं कि जिन लोगों को पार्टी ने इतना कुछ दिया, आज उनके लिए पार्टी को वापस देने का वक्त है। ऐसा करने के बजाय वह (नेता) पार्टी छोड़कर चले गए तो जनता व समय तय करेगा कि (उनका) यह निर्णय कितना गलत व कितना सही था।” महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पायलट ने कहा कि केंद्र सरकार ने अब तक एक आश्वासन देना भी ठीक नहीं समझा कि हम महंगाई को काबू करेंगे। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा के सत्र में भी सरकार की ओर से इस बारे में कोई आश्वासन नहीं दिया गया। पायलट ने कहा, “केंद्र सरकार जनहित से जुड़े मुद्दों से ध्यान बंटाने के लिए बड़ी चतुराई से काम करती है ताकि वे मुद्दा नहीं बन पाएं।” उन्‍होंने कहा कि इस कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने हल्‍लाबोल का नारा दिया है और चार सितंबर को दिल्ली में ‘महारैली’ की जा रही है। उन्‍होंने कहा, “उम्मीद है कि केंद्र की सोई सरकार, महंगाई को काबू करने के लिए कुछ कदम उठाने को मजबूर होगी।” उन्‍होंने दावा किया कि यह रैली व सात सितंबर से शुरू हो रही कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ऐतिहासिक रहेगी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगामी जोधपुर दौरे का जिक्र करते हुए उन्‍होंने उम्‍मीद जताई कि शाह वहां पूर्वी राजस्‍थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने के बारे में घोषणा करेंगे। 

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया

Ranchi T20: Shai Hope के नाबाद शतक से जीता West Indies, सीरीज 1-1 से बराबर