Prabhasakshi NewsRoom: BJP President के नाम को लेकर Amit Shah और Rajnath ने जानी PM Modi की राय, Mohan Bhagwat भी आ रहे हैं दिल्ली

By नीरज कुमार दुबे | Apr 17, 2025

भारतीय जनता पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की घड़ी करीब आते ही पार्टी में हलचल तेज हो चली है। इसके साथ ही पार्टी संगठन में आमूलचूल बदलाव को लेकर भी भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इन दिनों गहरा मंथन कर रहा है। हम आपको बता दें कि आने वाले दिनों में भाजपा संगठन में कई बड़े और प्रमुख चेहरे देखने को मिल सकते हैं। पिछले लोकसभा चुनावों में 240 सीटों पर सिमटने के बाद भाजपा ने पार्टी संगठन में नई जान फूंकने के मकसद से बड़े बदलाव का निर्णय लिया है। यह भी बताया जा रहा है कि कुछ केंद्रीय मंत्रियों को भी पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के कामकाज का आकलन करने में जुटे हुए हैं। हम आपको बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी अपने तीसरे कार्यकाल का पहला वर्ष जल्द ही पूरा करने वाले हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल में कुछ पद रिक्त हैं इसलिए माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री जल्द ही अपने मंत्रिमंडल में विस्तार और बदलाव करेंगे।

इसे भी पढ़ें: अराजकता में डूबे बंगाल में नाउम्मीदी का अंधेरा

हम आपको यह भी बता दें कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा से पहले भाजपा विभिन्न राज्यों में पार्टी के अध्यक्षों के नाम का ऐलान करेगी। इस संदर्भ में मुलाकातों का दौर चल रहा है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस संदर्भ में बातचीत के लिए बुधवार रात को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। मंगलवार रात भी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने बैठक की थी। मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने मंगलवार रात भाजपा अध्यक्ष के आवास पर बैठक की थी। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के घर पर तीन घंटे से अधिक समय तक मुलाकात की थी। पार्टी ने कहा कि यह एक नियमित बैठक थी, लेकिन सूत्रों का कहना है कि नेताओं ने पार्टी में होने वाले बदलावों पर चर्चा की। सूत्रों ने बताया कि बुधवार को अमित शाह, राजनाथ सिंह और भाजपा महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने संगठनात्मक बदलावों को अंतिम रूप देने के लिए सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बाद में दिन में अमित शाह ने नड्डा से मुलाकात की, जिनका भाजपा अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल समाप्त हो गया है। यह भी बताया जा रहा है कि भाजपा ने 15 राज्यों के लिए प्रदेश अध्यक्षों के नाम तय कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि 19 अप्रैल तक छह या सात राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के नाम घोषित किए जाने की उम्मीद है। जिन राज्यों में पार्टी द्वारा इस सप्ताह के अंत तक नए अध्यक्षों की घोषणा किए जाने की उम्मीद है, उनमें उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक शामिल हैं। भाजपा सूत्रों ने बताया है कि नए अध्यक्ष के लिए नामांकन प्रक्रिया 20 अप्रैल के बाद शुरू होने की संभावना है।

पार्टी के सूत्रों का यह भी कहना है कि तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि और डीएमके सरकार के बीच विधेयकों को मंजूरी देने के विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर भाजपा का शीर्ष नेतृत्व चिंतित है। बताया जा रहा है कि सरकार में यह भावना है कि यह न्यायिक अतिक्रमण का मामला है, लेकिन भाजपा में कुछ लोग राज्यपाल रवि के उन कदमों पर भी सवाल उठा रहे हैं, जिनके कारण न्यायपालिका के साथ टकराव की स्थिति पैदा हुई।

हम आपको यह भी बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की थी। राष्ट्रपति मुर्मू के 11 अप्रैल को पुर्तगाल व स्लोवाकिया की चार दिवसीय ऐतिहासिक यात्रा से लौटने के कुछ दिन बाद यह मुलाकात हुई है। राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।’’

प्रमुख खबरें

Houthi Attack Saudi Arabia | सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों का सिलसिलेवार हमला! 4 साल के बच्चे समेत 11 नागरिक घायल

Rahul Gandhi ने Ranchi में JPSC अभ्यर्थियों को मदद का आश्वासन दिया, छात्र नेता का दावा

Yogi Adityanath बोले: Kanwar Yatra में बाधा डालने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

Delhi में बारिश के दौरान नाले में गिरा व्यक्ति, NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी