पश्चिम बंगाल में सशस्त्र सीमा बल के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे अमित शाह

By रेनू तिवारी | Dec 20, 2024

कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज यानी शुक्रवार को सिलीगुड़ी में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सीमांत मुख्यालय में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे तथा अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठकें करेंगे। शाह बृहस्पतिवार रात पश्चिम बंगाल पहुंचे जहां केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने राज्य के उत्तरी हिस्से में स्थित बागडोगरा हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।

एसएसबी सीमांत मुख्यालय के परेड ग्राउंड में स्थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे

 अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे सिलीगुड़ी में एसएसबी सीमांत मुख्यालय के परेड ग्राउंड में स्थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाह बाद में एसएसबी अधिकारियों के साथ ‘क्षेत्र मूल्यांकन रजिस्टर’ की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह समीक्षा बैठक भी एसएसबी सीमांत मुख्यालय में होगी।

भाजपा की राज्य इकाई के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘एसएसबी फ्रंटियर मुख्यालय में ‘क्षेत्र मूल्यांकन रजिस्टर’ समीक्षा बैठक के बाद वह त्रिपुरा के लिए रवाना होंगे।’’ भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के सूत्रों के अनुसार, शाह का कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है लेकिन वह मजूमदार के साथ बैठक कर सकते हैं और राज्य इकाई के संगठनात्मक पहलुओं पर चर्चा कर सकते हैं। शाह की यह बैठक बांग्लादेश में जारी घटनाक्रम के मद्देनजर महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

प्रमुख खबरें

Titan के Jewellery और Watch सेगमेंट में तेजी से Net Profit बढ़कर Rs 2393 करोड़ पहुंचा

हनुमान प्रतिमा ने ट्रंप को हराया! 36 साल बाद अमेरिका में मचा हड़कंप

Dhanteras पर सोने-चांदी की बिक्री 30 फीसदी तक बढ़ने का अनुमान, GJC ने दी जानकारी

Europe में Bomb Threat के बाद सुरक्षा अलर्ट, Wizz Air और Ryanair की उड़ानों के रूट बदले