By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 31, 2026
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विपक्ष द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोपों पर चर्चा करने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस चर्चा के लिए सहमत नहीं होंगे। शाह ने लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि मैं 'वोट चोरी' (वोट चुराए जाने के आरोपों) पर चर्चा करने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार हूँ। लेकिन राहुल बाबा कभी सहमत नहीं होंगे। वे संसद में इस मुद्दे पर कभी चर्चा नहीं करेंगे, बल्कि सड़कों पर हंगामा खड़ा करेंगे। शाह ने कहा मैं राहुल (गांधी) और अखिलेश (यादव) को चुनौती देता हूँ कि वे संसद के भीतर हर आरोप पर चर्चा करें। चुनाव आयोग के खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। लेकिन वे चर्चा नहीं चाहते; वे सड़कों पर ड्रामा करना चाहते हैं।
बीजेपी की राज्य कार्यसमिति की दिन भर चली बैठक में बोलते हुए, शाह ने बीजेपी के प्रदर्शन की तुलना कांग्रेस और समाजवादी पार्टी से की। उन्होंने इस बारे में भी बात की कि कैसे बीजेपी ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में सत्ता में आई। इसके विपरीत, अखिलेश यादव और राहुल गांधी अपनी पार्टी को सत्ता तक नहीं पहुँचा पाए। समाजवादी पार्टी ने आखिरी बार तब राज्य चुनाव जीता था, जब पार्टी के संस्थापक और अखिलेश के पिता मुलायम सिंह यादव जीवित थे। शाह ने कहा आपने अपने दम पर एक भी चुनाव नहीं जीता है। राहुल बाबा के साथ भी यही बात है।