अमित शाह ने हलफनामे में दी गलत जानकारी, कार्रवाई का आदेश दे EC: कांग्रेस

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 01, 2019

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर अपने चुनावी हलफनामे में एक भूखंड की कीमत को लेकर गलत जानकारी देने का आरोप लगाया और कहा है कि चुनाव आयोग को इसका संज्ञान लेते हुए गांधीनगर के निर्वाचन अधिकारी को कार्रवाई का आदेश देना चाहिए। पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने यह भी कहा कि चुनाव की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इस मामले पर कदम उठाना चाहिए। तिवारी ने संवाददाताओं से कहा कि अमित शाह जी ने गांधी नगर से नामांकन दाखिल किया। शाह ने जो हलफनामा दाखिल किया है उसके मुताबिक, उनकी संपत्ति में तीन सौ फीसदी की बढ़ोतरी हुई। 

उन्होंने दावा किया कि शाह ने गांधीनगर में एक भूखण्ड होने का उल्लेख किया है। गुजरात सरकार के नियम के मुताबिक इस भूखण्ड की कीमत 66 लाख रूपए से अधिक है जबकि उन्होंने इसकी कीमत 25 लाख रुपये बताई है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधित्व कानून के मुताबिक कोई भी उम्मीदवार गलत जानकारी नहीं दे सकता, जबकि शाह के हलफनामे में गलत जानकारी दी गई है। तिवारी ने कहा कि चुनाव आयोग संज्ञान ले और गांधी नगर के निर्वाचन अधिकारी को कानून के मुताबिक कार्रवाई करने का आदेश दे। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर विषय है। ऐसा लगता है कि सिर्फ भाजपा नेतृत्व के अच्छे दिन आये हैं।

इसे भी पढ़ें: शिवराज ने की कमलनाथ से मुलाकात: किसानों, कानून-व्यवस्था पर हुई चर्चा

यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी चुनाव आयोग का रुख करेगी तो तिवारी ने कहा कि हम आशा करते हैं कि हमारे खुलासे पर आयोग संज्ञान लेगा, लेकिन अगर वह ऐसा नहीं करता है तो हम दूसरे कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को चुनाव की निष्पक्षता बनाये रखने के लिए इस पर संज्ञान लेना चाहिए। कांग्रेस के इस आरोप पर फिलहाल भाजपा की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

प्रमुख खबरें

ट्रंप ने दिखा दी बाइडेन की ऐसी कौन सी तस्वीर, ठहाके लगाने लगे जिनपिंग, देखें Video

Prabhasakshi NewsRoom: Suvendu Adhikari सरकार को लगा बड़ा झटका, राष्ट्रपति ने Anti-Goonda Bill को नहीं दी मंजूरी

लोगों को क्या तकलीफ है? Komal Rani के साथ मंदिर जाने पर हुए विवाद पर बोले Govinda

Rahul Gandhi के आरोपों के बीच बोले चिराग पासवान, चुनावी प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का जवाब दें CEC ज्ञानेश कुमार