By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026
गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) और अमेरिका के ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) को ‘ऑपरेशन मॉनसून थंडर’ की शानदार सफलता पर बधाई दी। इस अभियान का उद्देश्य सीमा पार से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकना था। शाह ने इसे मादक पदार्थ के खतरे से निपटने में भारत-अमेरिका साझेदारी की ताकत का प्रमाण बताया।
भारत और अमेरिका की एजेंसियों ने संयुक्त रूप से ‘ऑपरेशन मॉनसून थंडर’ चलाया था। इस अभियान के दौरान एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के छह सदस्यों को हाल ही में गिरफ्तार किया गया। शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “सीमा पार से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए संयुक्त रूप से शुरू किए गए ऑपरेशन मॉनसून थंडर की शानदार सफलता पर एनसीबी और अमेरिकी डीईए को हार्दिक बधाई।” उन्होंने कहा, “इस अभियान के तहत भारत और अमेरिका में की गई गिरफ्तारियां और जब्त किए गए नशीले पदार्थ इस बात का प्रमाण हैं कि मादक पदार्थों के खतरे से निपटने में भारत-अमेरिका की साझेदारी कितनी मजबूत है।
प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में हम यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं कि न तो एक ग्राम नशीला पदार्थ भारत में आए और न ही यहां से दूसरे देशों में जाए।”