By एकता | Apr 05, 2026
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को केरलम के कोझिकोड में एक विशाल रोड शो के जरिए अपनी ताकत दिखाई। बेयपोर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में उनके साथ बीजेपी उम्मीदवार एडवोकेट के. पी. प्रकाश बाबू और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
रोड शो के दौरान समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिसे संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि केरल की जनता अब एक मजबूत विकल्प और बेहतर शासन चाहती है। उन्होंने लोगों से राज्य के विकास और सुरक्षा के लिए बीजेपी-एनडीए के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को केरल के बीजेपी बूथ कार्यकर्ताओं के साथ वर्चुअल संवाद किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि इस बार केरल सिर्फ नई सरकार नहीं, बल्कि एक नई व्यवस्था चुनने जा रहा है। पीएम ने क्रिकेट का उदाहरण देते हुए केरल के खिलाड़ी संजू सैमसन का जिक्र किया और कहा कि जैसे सैमसन बड़े मैचों में अपनी पूरी ताकत लगा देते हैं, वैसे ही कार्यकर्ताओं को मतदान के दिन हर घर तक पहुंच कर पूरी मेहनत करनी है।
पीएम मोदी ने यूडीएफ और एलडीएफ पर निशाना साधते हुए कहा कि तिरुवनंतपुरम के हालिया नतीजों ने इस पुरानी धारणा को तोड़ दिया है कि यहां केवल इन दो गठबंधनों के बीच ही सत्ता बदलती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि जनता अब इन दोनों दलों की 'लूट' से थक चुकी है और इस बार बीजेपी-एनडीए के पक्ष में एक मजबूत लहर दिखाई दे रही है।
केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल 2026 को मतदान होना है। राज्य का सियासी इतिहास देखें तो यहां लंबे समय तक वामपंथी गठबंधन और कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच ही सत्ता की अदला-बदली होती रही है। हालांकि, 2021 में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के नेतृत्व में एलडीएफ ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर दशकों पुरानी परंपरा को बदल दिया था। अब बीजेपी इस द्विपक्षीय मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की पूरी कोशिश कर रही है।