Gujarat के Amreli में आर्थिक तंगी से परेशान पिता ने 5 साल की बेटी की हत्या कर खुदकुशी की

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 18, 2026

गुजरात के अमरेली जिले में आर्थिक रूप से परेशान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पांच साल की बेटी की हत्या कर उसका शव रेफ्रिजरेटर में रख दिया और बाद में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह खौफनाक वारदात गुब्बारों और मोमबत्तियों से सजे एक कमरे में हुई, जहां मृतक किशोर धनक (40) ने अपराध स्वीकार करते हुए कुछ नोट छोड़े।

इसके बाद उसने उसकी लाश को रेफ्रिजरेटर में रख दिया और खुद फांसी लगा ली। प्राथमिकी के मुताबिक धनक ने तीन सुसाइड नोट लिख कर उन्हें बिस्तर पर रख दिया था। धनक की पत्नी मंजू बेन ने तहरीर में बताया कि एक नोट में पति ने लिखा था कि उन्होंने ‘पर्सनल लोन’ लिया था और उन पैसे का निवेश निर्माण कार्य में किया था।

प्राथमिकी के मुताबिक, ‘‘धनक को 7.25 लाख रुपये मिलने थे, लेकिन उन्होंने (कारोबारी मित्रों ने) उन्हें कुछ नहीं दिया। उनके पास पैसे नहीं थे और उन्हें कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था, इसलिए वह अपनी बेटी के साथ आत्महत्या कर रहे हैं।’’ धनक ने दूसरे सुसाइड नोट में लिखा कि उसने बच्ची को इसलिए मार डाला क्योंकि वह नहीं चाहते था कि उसकी मौत के बाद बेटी को कोई तकलीफ हो। वहीं एक और सुसाइड नोट में उसने माफी मांगी और बताया कि बच्ची की लाश रेफ्रिजरेटर में रखी है।

वारदात की जानकारी तब हुई जब 14 सितंबर को मायके गई मंजू बेन ने धनक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसे फोन कॉल का कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मंजू बेन ने बुधवार शाम को अपने भाई को धनक का हाल-चाल जानने के लिए भेजा, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद मंजू बेन घर लौटीं और दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुईं और फंदे से लटका धनक का शव देखा।

पुलिस निरीक्षक पी एल चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘कमरे में कुछ असामान्य था।’’ उन्होंने बताया कि कमरे को गुब्बारों और मोमबत्तियों से सजाया गया था और धनक ने अपनी बेटी को सफेद कपड़े पहनाए थे, उसके सिर पर दुपट्टा रखा था और रेफ्रिजरेटर में तकिये रखे थे। चौधरी ने बताया कि धनक ने बच्ची के होंठों पर तुलसी के पत्ते भी रखे थे। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह आखिरी बार उसका जन्मदिन मनाना चाहता था।

उसने कमरे में मूर्तियों की पूजा भी की थी, जिसे गुब्बारों और मोमबत्तियों से सजाया गया था। उसने कमरे और फ्रिज में चॉकलेट भी रखी थीं।’’ चौधरी ने बताया कि बच्ची का जन्मदिन नहीं था, फिर भी रेफ्रिजरेटर पर एक कागज रखा हुआ था जिस पर ‘हैप्पी बर्थडे हिमांशी’ लिखा था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच की जा रही है।

प्रमुख खबरें

Delhi Market में Gold 156000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा, चांदी 5000 रुपये उछली

Vibe Movie Review | कॉमेडी और जासूसी के चक्कर में उलझी कुणाल खेमू की फिल्म, दूसरे हाफ में धीमी पड़ी रफ्तार

UPSC ESE 2027 का नोटिफिकेशन जारी, BTech पास युवाओं के लिए शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया

Ballia में आयु प्रमाणपत्र में हेरफेर: पूर्व CMO और 3 डॉक्टरों समेत 5 पर FIR