लोकसभा की सदस्यता की शुक्रवार को शपथ लेंगे अमृतपाल और इंजीनियर रशीद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 05, 2024

नयी दिल्ली। जेल में बंद कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह और आतंकवाद के वित्तपोषण के आरोपों का सामना कर रहे शेख अब्दुल रशीद शुक्रवार को लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। जम्मू-कश्मीर के बारामूला से सांसद चुने गए रशीद आतंकवाद के वित्तपोषण के एक मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। उन्हें इंजीनियर रशीद के नाम से भी जाना जाता है। ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल ने हाल के संसदीय चुनावों में पंजाब की खडूर साहिब लोकसभा सीट से जीत दर्ज की थी। अमृतसर में अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत नौ सहयोगियों के साथ असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल को चार दिन की पैरोल दी गई है ताकि वह लोकसभा सदस्य की शपथ ले सकें। 

असम के एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब पुलिस की आठ सदस्यीय टीम बृहस्पतिवार को सिंह को संसद सदस्य के रूप में शपथ लेने के लिए दिल्ली ले जाने के लिए डिब्रूगढ़ पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस दल दोपहर में डिब्रूगढ़ पहुंचा। सिंह के वकील राजदेव सिंह खालसा ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह के लिए उन्हें सैन्य विमान से दिल्ली ले जाया जाएगा। फरीदकोट से निर्दलीय सांसद सरबजीत सिंह खालसा ने बुधवार को कहा था कि अमृतपाल के पांच जुलाई को सांसद के रूप में शपथ लेने की संभावना है। 

खालसा ने कहा था, ‘‘मैं बुधवार को दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलने उनके आवास पर गया। उन्होंने कहा कि शपथ पांच जुलाई को दिलाई जाएगी।’’ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुने गए रशीद ने हालिया लोकसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला को हराकर बारामूला सीट पर जीत दर्ज की। निर्वाचन आयोग ने नवनिर्वाचित सांसद शेख अब्दुल रशीद को जम्मू कश्मीर में बारामूला लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए उनके चुनावी खर्च विवरण में अधिक विसंगति को लेकर एक नोटिस भेजा था। इनके अलावा, टीएमसी के शत्रुघ्न सिन्हा को भी अभी संसद के निचले सदन के सदस्य के रूप में शपथ नहीं ली है।

प्रमुख खबरें

WhatsApp के बाद अब Instagram पर शिकंजा, आपत्तिजनक Ads पर केंद्र सरकार ने Meta को भेजा Notice

Team India के श्रीलंका दौरे का Schedule जारी, Galle और Colombo में होगी स्पिन की कड़ी परीक्षा

Vaibhav Suryavanshi को प्लेइंग-11 में कब मिलेगा मौका? England के दिग्गजों ने उठाए गंभीर सवाल।

Wimbledon 2026: Jannik Sinner ने चोट की अफवाहों को किया खारिज, दमदार जीत से पहुंचे तीसरे दौर में