Amritsar में AAP महिला सरपंच के बेटे की गोली मारकर हत्या, विपक्ष ने कानून व्यवस्था घेरी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 27, 2026

पंजाब के अमृतसर जिले के चिट्टे कलां गांव में सोमवार रात एक गुरुद्वारे के बाहर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर आम आदमी पार्टी (आप) की महिला सरपंच के बेटे की हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान राज्य में सत्तारूढ़ आप की महिला सरपंच परमजीत कौर के बेटे तीरथ सिंह के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा कि यह हाल के महीनों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हुई हत्याओं की कड़ी में एक और घटना है। अमृतसर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर ली है और उनके मोबाइल फोन की लोकेशन का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह पुरानी दुश्मनी लग रही है। उन्होंने कहा कि तीरथ सिंह अपने दोस्त रणजीत सिंह के साथ गुरुद्वारे में प्रार्थना करने गया था, तभी यह घटना हुई। गोली लगने से तीरथ सिंह की मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त की जांघ में गोली लगी।

दोस्त का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। एसएसपी ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में उसी गांव के चार संदिग्धों की पहचान की है और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिरोमणि अकाली दल (शिअद)के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पंजाब में रोज हत्याएं हो रही हैं और महिलाएं विधवा हो रही हैं।

गुरु द्रोही भगवंत इसका जवाब कौन देगा?’’ मजीठिया ने कहा, ‘‘पंजाब के सीमावर्ती जिले में लगभग हर दिन गोलीबारी में किसी का बेटा, भाई या पति मारा जा रहा है। एक व्यक्ति की गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद हत्या कर दी गई। पंजाबी रोज मर रहे हैं, जबकि भगवंत मान दिल्ली के आकाओं की सेवा करने और अपनी कुर्सी बचाने में व्यस्त हैं।’’ विधानसभा सत्र के दौरान चंडीगढ़ में पत्रकारों से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी आप सरकार की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि मान सरकार के शासन में हत्या की घटनाएं रोजमर्रा की बात हो गई हैं। यह घटना पंजाब के मोगा जिले में रविवार शाम हुई गोलीबारी के कुछ दिन बाद हुई है। उस घटना में अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हो गए थे।

प्रमुख खबरें

INDIA Bloc Rally: शाम 5 बजे की डेडलाइन और कड़े नियम, Delhi Police ने Ramlila Maidan के लिए तय की शर्तें

Yuvraj Singh के 12 गेंद वाले रिकॉर्ड पर Abhishek Sharma बोले, वैसी T20 बल्लेबाजी करना आसान नहीं

Maharashtra के 304 तालुकों में सूखा प्रभावित 1.5 करोड़ किसानों को मिलेंगे ₹5000

Diwali Cleaning: Fridge और Sofa के पीछे जमी गंदगी न भूलें, ऐसे चमकाएं 7 कोने