By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 29, 2026
केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन का काफिला रोकने के आरोप में कांग्रेस के एक नेता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम समाज सुधारक श्री नारायण गुरु के जयंती कार्यक्रम में शामिल होने चेम्पाझंथी जा रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, तिरुवनंतपुरम ज़िला कांग्रेस कमेटी के नेता अनिल कुमार उर्फ़ चेंथी अनी तथा अन्य लोगों ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री के आधिकारिक काफ़िले को रोक दिया।
अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में चेंथी में किसी भी कार्यक्रम का उल्लेख नहीं था। इस घटना के बाद, कांग्रेस कार्यकर्ताओं समेत आयोजकों ने अपनी एक तस्वीर जारी की, जिसमें वे कुछ महीने पहले सचिवालय में मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें चेंथी में होने वाले कार्यक्रम के लिए आमंत्रण देते नजर आते हैं। उन्होंने पत्रकारों को यह भी बताया कि पुलिस बृहस्पतिवार को कार्यक्रम स्थल पर गई थी और मंच पर बैठने की अनुमति वाले लोगों की संख्या के बारे में सुझाव दिया था।
शुक्रवार देर रात अनी को हिरासत में लेकर श्रीकार्यम थाने ले जाया गया, जहाँ मामला दर्ज किया गया। बाद में, पूछताछ के बाद उनकी गिरफ़्तारी दर्ज की गई। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 126(2), 351(2) और 132 के तहत दर्ज किया गया था, जो क्रमशः गलत तरीके से रोकने, आपराधिक धमकी देने और किसी सरकारी कर्मी को दायित्व निर्वहन से रोकने के लिए हमला करने या आपराधिक बल का प्रयोग करने से संबंधित हैं। प्राथमिकी के मुताबिक, शाम करीब 5.55 बजे मुख्यमंत्री की गाड़ी तब रुकी जब उन्होंने चेंथी में जुटे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को देखा और उनसे बातचीत की।
इसमें कहा गया है कि आरोपी ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री से आक्रामक शैली में बात की और उनसे चिल्लाकर पूछा कि तय कार्यक्रम होने के बावजूद वह इसमें क्यों शामिल नहीं हो रहे। प्राथमिकी के अनुसार, जब आरोपी से आक्रामक न होने के लिए कहा गया, तो उसने कहा, ‘‘अगर मुझे गुस्सा आ गया तो तुम क्या करोगे?’’ इस तरह उन्होंने सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री का अपमान किया और काफिले के साथ मौजूद पुलिसकर्मियों के आधिकारिक कर्तव्य निर्वहन में बाधा डाली। मामला एक अधिकारी के बयान के आधार पर दर्ज किया गया। पुलिस ने कहा कि अनी को अदालत में पेश किया जाएगा, तथा अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। इस बीच, जिला कांग्रेस कमेटी घटना की जानकारी इकट्ठा कर रही है और अनी की गिरफ्तारी को लेकर चिंता जताई है।
दूसरी ओर, जब अनी को चिकित्सीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, तो उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी गिरफ्तारी कांग्रेस के अंदर गुटीय राजनीति का परिणाम है। उन्होंने कहा, ‘‘यह पार्टी में गुटबाज़ी की वजह से है। गुटबाज़ी ही समस्या है।’’ हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री सतीशन के बारे में पत्रकारों के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया।
अनी की गिरफ़्तारी पर ज़िला स्तर के कुछ कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई है। जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य सुहैल शाहजहाँ ने श्रीकार्यम थाने में अनी से मुलाकात की और उनकी गिरफ्तारी का विरोध किया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘चाहे वे किसी भी गुट या धड़े से जुड़े हों, एक व्यक्ति के तौर पर मुझे इस बात का दुख है कि अनी जैसे कांग्रेस कार्यकर्ता को, जिसने पार्टी के लिए अपनी जान जोखिम में डाली और उसके लिए दिन-रात काम किया, इस तरह गिरफ्तार किया गया।