By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026
चेन्नई पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) ने निजी स्कूल के प्रबंधन से कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में तमिलनाडु के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री एवं द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता अनबिल महेश पोय्यामोझी, पूर्व विधायक मुथुकुमार और उनके कार चालक को बुधवार को आगे की पूछताछ के लिए 30 घंटे की पुलिस हिरासत में लिया। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के मामलों की विशेष अदालत के न्यायाधीश एल एस सत्यामूर्ति ने पोय्यामोझी, मुथुकुमार और सरवनन को 25 नवंबर पूर्वाह्न 11 बजे से 26 नवंबर शाम पांच बजे तक पुलिस हिरासत में देने का आदेश दिया। न्यायाधीश ने सरकारी अधिकारियों की कथित संलिप्तता के संबंध में तीनों से संयुक्त रूप से पूछताछ के लिए अभियोजन पक्ष की दो दिन की अतिरिक्त हिरासत की मांग खारिज कर दी।
उन्होंने सरवनन की न्यायिक हिरासत भी नौ दिसंबर तक बढ़ा दी, जो बुधवार को समाप्त हो रही थी। अदालत के आदेश के बाद तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर केंद्रीय अपराध शाखा के कार्यालय लाया गया। सीसीबी की आर्थिक अपराध शाखा-तीन (ईओडी-तीन) ने यह मामला दर्ज किया है।
इसमें आरोप लगाया गया है कि पिछले साल निजी स्कूलों के प्रबंधन से 100 करोड़ रुपये से अधिक की रकम वसूली गई थी। आरोप है कि यह रकम स्थायी मान्यता, स्कूलों का दर्जा बढ़ाने और नगर एवं ग्राम नियोजन निदेशालय (डीटीसीपी) से मंजूरी सहित सरकारी स्वीकृतियां दिलाने के वादे पर ली गई थी। पोय्यामोझी की जमानत याचिका मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति वी लक्ष्मीनारायणन की अदालत में 27 नवंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है।