Andhra Pradesh Panchayat Polls: नामांकन के दौरान 13 जिलों में 31 हिंसक घटनाएं, पुलिस पर पथराव

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 23, 2026

आंध्र प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान बृहस्पतिवार को 13 जिलों में हिंसा और नामांकन नष्ट किए जाने सहित चुनाव से जुड़ी 31 घटनाएं दर्ज की गईं। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक हरीश कुमार गुप्ता ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि दर्ज की गई कुल घटनाओं में से 22 घटनाएं हिंसा, झड़प और सार्वजनिक कानून-व्यवस्था में व्यवधान से जुड़ी थीं, जबकि नौ घटनाएं नामांकन पत्र छीनने या फाड़ने से संबंधित थीं।

उन्होंने बताया कि राज्य भर में नामांकन पत्र छीनने या नष्ट करने के कुल 16 मामले सामने आए। इसके अलावा छह घटनाओं में पथराव या लाठी-डंडों से हमला किया गया, जबकि चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। डीजीपी ने बताया कि उपद्रवियों ने दो घरों को नुकसान पहुंचाया और एक घर को बुलडोजर से ढहा दिया।

इस दौरान हवा में गोलीबारी की एक घटना भी सामने आई, जबकि तीन स्थानों पर मार्ग अवरोध, धरना-प्रदर्शन या यातायात बाधित किया गया। हिंसा के दौरान तीन उम्मीदवारों को नामांकन केंद्र ले जा रहे पुलिस वाहन पर पथराव किया गया, जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा एक उम्मीदवार समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि तीन अलग-अलग झड़पों में कई अन्य लोगों को चोटें आई हैं।

इन घटनाओं में तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी), वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और निर्दलीय उम्मीदवारों को निशाना बनाया गया। डीजीपी गुप्ता ने बताया कि मंडल परिषद कार्यालय के मुख्य द्वारों पर, नामांकन केंद्रों के भीतर और निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के अंदर नामांकन पत्र छीने या फाड़े गए। एक मामले में तो उम्मीदवार जब पुलिस को अपने दस्तावेज दिखा रहा था, तभी पत्र छीन लिए गए।

पुलिस ने अब तक 16 मामले दर्ज किए हैं, जबकि 11 अन्य घटनाओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया गया है और कम से कम 54 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत एहतियाती कार्रवाई की है।

भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को तीन मौकों पर लाठीचार्ज करना पड़ा और दो आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े।

प्रमुख खबरें

CJP नेता Sourav Das और आशुतोष रांका SEM Court में हुए पेश, अगली सुनवाई 17 नवंबर को

Thane Coastal Road 2 के मूल मार्ग को MCZMA से हरी झंडी, 680 मैंग्रोव होंगे खत्म

CM Pushkar Singh Dhami ने Daler Mehndi से की बात, बोले- उत्तराखंड में कलाकारों का सम्मान

Sensex 126 अंक टूटा, लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ 73,124 पर बंद