By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 31, 2025
हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों द्वारा उनके आदेशों का पालन नहीं करने पर बृहस्पतिवार को कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अपने अंबाला कैंट निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की खातिर वह किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की तरह आमरण अनशन पर जाने के लिए तैयार हैं।
विज ने कहा, ‘‘मैं शिकायत निवारण समिति की बैठकों में भी शामिल नहीं हो पाऊंगा क्योंकि अधिकारी मेरे आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं।’’ परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री विज ने कहा, ‘‘बाकी हरियाणा का तो मुझे कुछ नहीं लेना..., लेकिन अंबाला कैंट के लोगों ने मुझे सात बार विधायक चुना है। उनके काम के लिए अगर मुझे आंदोलन भी करना पड़े तो मैं करूंगा और अगर मुझे (किसान नेता जगजीत) डल्लेवाल की तरह आमरण अनशन भी करना पड़े तो मैं करूंगा।’’
यह पहली बार नहीं है जब विज ने अधिकारियों के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने अक्टूबर में अंबाला में बुलाई गई बैठक में कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की ‘‘अनुपस्थिति’’ पर भी निराशा जताई थी।