By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 30, 2026
ग्लास्गो, 29 जुलाई राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी अनिमेष कुजूर ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए बुधवार को राष्ट्रमंडल खेलों में 200 मीटर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। 23 वर्ष के कुजूर ने 20 . 46 सेकेंड का समय निकालकर पहले दौर में चौथी हीट में जीत दर्ज की और कुल सातवें स्थान पर रहे। उन्होंने कैमरून के इमैनुएल एसेमे को पछाड़ा जिन्होंने मंगलवार को 9.83 सेकेंड के समय के साथ 100 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीता था।
ओवेन्स ने कहा, ‘‘अनिमेष ने आज शानदार प्रदर्शन किया। यह उनके लिए बेहतरीन प्रदर्शन था। मुझे लगा था कि सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उन्हें इससे भी तेज समय निकालना होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह अच्छी लय में हैं और हम कल रात होने वाले सेमीफाइनल का इंतजार कर रहे हैं।
यह बेहद कठिन मुकाबला होगा क्योंकि इसमें बहुत उच्च स्तर के धावक हिस्सा ले रहे हैं।’’ ओवेन्स ने कहा, ‘‘आज के मुकाबले में 100 मीटर के मौजूदा चैंपियन को हराकर अनिमेष का आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा। यह उनकी उपलब्धियों में एक और बड़ी उपलब्धि है और मैं उनके प्रदर्शन से खुश हूं। पहला लक्ष्य हासिल करना अच्छा है, लेकिन अब हमारा ध्यान अगले दौर पर है।’’ कुजूर के नाम 20 . 32 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है।