अंजू 20 अगस्त को भारत लौटेगी, उससे शादी की कोई योजना नहीं : पाकिस्तानी पुरुष मित्र

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 24, 2023

पाकिस्तान के दूर दराज के एक गांव में फेसबुक के जरिये बने अपने पुरुष मित्र से मिलने पहुंची भारतीय महिला अंजू वीजा की अवधि पूरी होने पर 20 अगस्त को स्वदेश लौट जाएगी। यह जानकारी अंजू के पाकिस्तानी मित्र नसरुल्ला ने सोमवार को दी जिससे मिलने वह यहां आई हुई है। नसरुल्ला ने इसके साथ ही अंजू से प्रेम संबंध होने के दावों को भी खारिज किया। नसरुल्ला (29) ने कहा कि उसकी 34 वर्षीय अंजू से विवाह करने की कोई योजना नहीं है। अंजू का जन्म उत्तर प्रदेश के कैलोर गांव में हुआ था और वह राजस्थान के अलवर में रहती थी। नसरुल्ला और अंजू की दोस्ती 2019 में फेसबुक के माध्यम से हुई थी। पेशावर से करीब 300 किलोमीटर दूर कुल्शो गांव से फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से की गई बातचीत में नसरुल्ला ने कहा, ‘‘अंजू पाकिस्तान आई हुई है और हमारी शादी करने की कोई योजना नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह 20 अगस्त को वीजा अवधि समाप्त होने पर अपने देश लौट जाएगी। अंजू मेरे घर में परिवार की अन्य महिलाओं के साथ दूसरे कमरे में रहती है।’’

खान के हवाले से जियो न्यूज ने कहा, ‘‘अंजू प्यार के खातिर नयी दिल्ली से पाकिस्तान आई है और यहां खुशी से रह रही है।’’ उन्होंने कहा कि अंजू के पाकिस्तान आने से जुड़ी जांच पूरी हो गई है। उन्होंने कहा, ‘‘वह एक महीने के वीजा पर पाकिस्तान आई है और उसके सभी यात्रा दस्तावेज वैध और पूर्ण हैं। स्थानीय लोग अंजू को उपहार दे रहे हैं और वह खुशी से रह रही है।’’ जिला पुलिस अधिकारी ने यह भी कहा कि अंजू स्थानीय मीडिया से संवाद नहीं करना चाहती और न ही साक्षात्कार देना चाहती है। खबर के मुताबिक, अंजू ने स्थानीय पत्रकारों को बताया कि नसरुल्ला से उसकी दोस्ती फेसबुक के माध्यम से हुई और यह ‘प्रेम संबंध’ में तब्दील हो गई। अंजू ने बताया कि नसरुल्ला से प्रेम से प्रेरित होकर वह पाकिस्तान आई है। नसरुल्ला ने कहा कि जिला प्रशासन ने उन्हें पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की है और अंजू उसके परिवार के साथ सुरक्षित है। पश्तून बहुल गांव के लोग चाहते हैं कि अंजू सुरक्षित भारत लौट जाए क्योंकि वे नहीं चाहते कि इस घटना से उनके समुदाय की बदनामी हो। राजस्थान में रह रहे अंजू के पति अरविंद ने उम्मीद जताई है कि जल्द उसकी पत्नी वापस आ जाएगी। अंजू की 15 साल की बेटी और छह साल का बेटा है।

उसकी तरह का ही मामला सीमा गुलाम हैदर का है। चार बच्चों की मां एवं पाकिस्तानी नागरिक सीमा सचिन मीणा के साथ रहने के लिए नेपाल के रास्ते ‘अवैध’ तरीके से भारत में दाखिल हुई। सीमा की मीणा से दोस्ती 2019 में पब्जी के जरिये हुई थी। उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक, 30 वर्षीय सीमा 22 वर्षीय सचिन मीणा के साथ दिल्ली के नजदीक ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में रह रही है जहां सचिन किराने की दुकान पर काम करता है। अंजू के पति अरविंद ने राजस्थान के भिवाड़ी में पत्रकारों को बताया कि उनकी पत्नी बृहस्पतिवार को जयपुर जाने की बात कहकर घर से निकली थी लेकिन बाद में परिवार को जानकारी मिली कि वह पाकिस्तान में है। भिवाड़ी के पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘अंजू के पति ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को घर से निकली थी और उसके पास वैध पासपोर्ट है।’’ उन्होंने बताया कि परिवार ने अंजू के पाकिस्तान में होने की जानकारी मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई। अरविंद ने मीडिया को बताया कि उसकी पत्नी अंजू ने अपनी बहन को बताया कि वह लाहौर में है और बाद में उन्होंने उससे व्हाट्सऐप कॉल पर बात की।उन्होंने कहा कि वह उससे बात करेंगे और आने के लिए कहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि अंजू जल्द घर लौट आएगी। अरविंद ने बताया कि अंजू का 2020 में पासपोर्ट बना था क्योंकि वह विदेश में नौकरी के लिए आवेदन करना चाहती थी। उन्होंने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी कि वह सोशल मीडिया के जरिये किसी के संपर्क में है।

प्रमुख खबरें

World Cup में Eloy Room का अविश्वसनीय Record, 15 Saves कर Ecuador को बराबरी पर रोका.

Womens Hockey: Team India का Nations Cup पर कब्जा, New Zealand को हराकर Pro League में की एंट्री

Captain Harmanpreet Kaur का World Record, 200 T20I मैच खेलने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बनीं

जापान की फुटबॉल में नई सोच का उदय, ‘ईगोइस्ट’ स्ट्राइकर तैयार करने की मुहिम से बदल रही टीम की पहचान