अंकिता भंडारी केस: Swami Avimukteshwaranand से मिलीं अभिनेत्री Urmila Sanawar, न्याय की उठाई मांग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

टेलीविजन अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने रविवार को हरिद्वार में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात की और इस दौरान दोनों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड पर चर्चा की और न्याय की मांग की। ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य ने इस मामले को लेकर उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और चेतावनी दी कि अगर न्याय नहीं मिला, तो सरकार को ‘‘जनाक्रोश’’ का सामना करना पड़ सकता है। ऋषिकेश के वनंतरा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली अंकिता की 18 सितंबर 2022 को हत्या कर दी गई थी।

रिसॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके दो साथियों को दोषी ठहराया गया तथा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। पुलकित पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य का पुत्र है। हत्या में किसी वीआईपी के शामिल रहने का सनावर द्वारा आरोप लगाये जाने के बाद, यह मामला राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया।

सनावर ने दावा किया कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाने की उसे ‘‘भारी कीमत’’ चुकानी पड़ी। अभिनेत्री ने दावा किया कि इस मुद्दे को उठाने के कारण उन्हें न केवल मानसिक और सामाजिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, बल्कि उन्हें जेल भी जाना पड़ा। हत्या के मामले में जारी जांच के तहत, सहारनपुर की रहने वाली अभिनेत्री का ‘पॉलीग्राफ’ और ‘नार्को-एनालिसिस टेस्ट’ किया गया।

हरिद्वार पुलिस ने पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी की जबरन वसूली, धमकी देने और सोशल मीडिया पर मानहानिकारक पोस्ट करने संबंधी शिकायत पर 25 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के गोविंद नगर स्थित घर से सनावर को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें न्यायिक हिरासत में रोशनाबाद जिला जेल भेज दिया गया था और छह नवंबर को रिहा कर दिया गया। मामले पर गहरी चिंता जताते हुए, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने न्याय दिलाने में कथित तौर पर विफल रहने को लेकर उत्तराखंड सरकार की कड़ी आलोचना की।

अविमुक्तेश्वरानंद ने सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम का नाम लिये बिना, इतने ऊंचे संवैधानिक पद पर उनकी नियुक्ति पर सवाल उठाया। अंकिता के माता-पिता ने हत्याकांड से गौतम का संबंध होने का आरोप लगाया था। शंकराचार्य ने कहा कि इस नियुक्ति से उत्तराखंड के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है।

प्रमुख खबरें

गुजरात: Navsari में 3.28 करोड़ रुपये का हाइब्रिड Ganja जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार

Gurugram में 30 हजार रुपये घूस लेते Additional SHO को ACB ने रंगे हाथ दबोचा

Syed Mushtaq Ali Trophy: बड़ौदा ने Bengal को 4 विकेट से दी मात, शीर्ष पर पहुंचा

Womens Asian Champions Trophy: भारत ने Thailand को 7-0 से दी शिकस्त, दीपिका ने लगाई हैट्रिक