By गौतम मोरारका | Jan 17, 2023
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के बारे में जो कहा था वो सच साबित हुआ। सर्जिकल और एयर स्ट्राइक से पाकिस्तान की सारी हेकड़ी निकालने वाले प्रधानमंत्री मोदी के बारे में जनता को विश्वास है कि वह एक दिन पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को वापस लेकर आयेंगे। जनता देख चुकी है कि मोदी है तो मुमकिन है यह कोई महज चुनावी नारा नहीं बल्कि हकीकत बन चुका है। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर इस समय इसलिए चर्चा में है क्योंकि वहां जिस तरह से जनता भारत के साथ जुड़ने को आतुर हो रही है उससे भारत का काम आसान हो सकता है।
हम आपको यह भी बता दें कि इस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भाषण का क्लिप पाकिस्तान में खूब वायरल हो रहा है। इस क्लिप में मोदी को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मैं पाकिस्तान की सारी हेकड़ी निकाल दूँगा और उसे कटोरा लेकर भीख मांगने पर मजबूर कर दूँगा। देखा जाये तो मोदी की यह बात एकदम सही साबित हो गयी है। पाकिस्तान दुनिया भर में कटोरा लेकर भीख मांग रहा है और उसकी हेकड़ी ऐसी निकली है कि वहां के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ अब कह रहे हैं कि हम शांति के साथ रहने को तैयार हैं और भारत के साथ अच्छे संबंध चाहते हैं।
शहबाज शरीफ ने कहा है कि पाकिस्तान सबक सीख चुका है और अब वह शांति से रहना चाहता है। एक साक्षात्कार में शहबाज शरीफ ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हर समस्या पर बातचीत के लिए तैयार होने की बात भी कही है। शाहबाज शरीफ ने कहा है कि मैं भारतीय नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करता हूं कि हमें बातचीत की मेज पर बैठकर हर मुद्दे को हल करने का प्रयास करना चाहिए। शहबाज शरीफ ने कहा है कि हम पड़ोसी हैं। यह हमारे ऊपर है कि हम शांति से रहें। प्रगति करें या फिर एक दूसरे से लड़ाई करें और समय तथा संसाधनों को बर्बाद करें। शहबाज शरीफ ने साक्षात्कार में कहा है कि हम भारत के साथ तीन युद्ध लड़ चुके हैं और यह हर बार और कंगाली, गरीबी और लोगों के लिए बेरोजगारी लाया है। उन्होंने कहा कि हम अपना सबक सीख चुके हैं और अब शांति से रहना चाहते हैं। लेकिन शहबाज शरीफ ने बातचीत का प्रस्ताव रखते-रखते कश्मीर का राग फिर अलापा और कहा कि वहां अत्याचार बंद होने चाहिए। इस बयान को सुनकर कहा जा सकता है कि पाकिस्तान की रस्सी जल गयी पर बल नहीं गया है।