अनुराग ठाकुर की टिप्पणियों ने मेरी प्रतिष्ठा को आघात पहुंचाया, आरोप साबित करें या इस्तीफा दें: खरगे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 03, 2025

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को भाजपा सदस्य अनुराग ठाकुर द्वारा लोकसभा में उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों को निराधार करार देते हुए कहा कि इन टिप्पणियों से उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।

खरगे ने कहा, ‘‘लेकिन नुकसान तो हो चुका है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि इस मुद्दे पर ठाकुर के साथ-साथ राज्यसभा में सदन के नेता जे पी नड्डा को भी माफी मांगनी चाहिए।

खरगे ने कहा, ‘‘मेरा करीब 60 साल का राजनीतिक जीवन एक खुली किताब की तरह है। कल अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में मुझ पर पूरी तरह झूठे और निराधार आरोप लगाए। जब ​​मेरे सहयोगियों ने उन्हें चुनौती दी, तो उन्हें अपनी अपमानजनक टिप्पणी वापस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। लेकिन नुकसान तो हो चुका है।’’

उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर के टिप्पणी वापस लेने के बावजूद, मीडिया और विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर यह मुद्दा छाया रहा। खरगे ने कहा, ‘‘मैं आज अनुराग ठाकुर के बेबुनियाद आरोपों की निंदा करने के लिए मजबूर हूं। मैं सदन के नेता से माफी की उम्मीद करता हूं, कम से कम इतना तो सत्तारूढ़ पार्टी कर ही सकती है और उसे यह करना चाहिए।’’

उन्होंने ठाकुर को अपने आरोप साबित करने की चुनौती देते हुए कहा कि अगर भाजपा सांसद अपने आरोपों को साबित नहीं कर सकते, तो ‘‘उन्हें संसद में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर आरोप साबित हो जाते हैं, तो मैं इस्तीफा दे दूंगा।’’ खरगे के इतना कहने के बाद विपक्षी सदस्य सदन से बहिर्गमन कर गए।

प्रमुख खबरें

ब्राजील में हार के बाद Flavio Bolsonaro परिवार समेत Miami पहुंचे

Botad District Court ने ट्रेन पटरी से उतारने की साजिश में दो दोषियों को उम्रकैद दी

Meerut में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला मतपाल गिरफ्तार, मार्कशीट बरामद

उत्तर-पश्चिम Delhi में कारोबारी के आवास पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गिरोह की जांच