Apple की रिकॉर्ड कमाई में India का जलवा, CEO Tim Cook बोले- यहां है डबल डिजिट ग्रोथ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 01, 2026

 एप्पल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टिम कुक ने कहा कि वह भारत को लेकर ‘‘बेहद उत्साहित’’ हैं और इसे कंपनी के लिए एक ‘‘बेहद बड़ा अवसर’’ मानते हैं। एप्पल की 2026 की दूसरी तिमाही का आय विवरण देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ हां, यह हमारे लिए बहुत बड़ा अवसर है। हम इस पर काफी समय से ध्यान दे रहे हैं। भारत, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन बाजार और तीसरा सबसे बड़ा पीसी बाजार है।’’

कुक ने भारतीय बाजार को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की। उन्होंने स्वीकार किया कि कंपनी का भारत में प्रदर्शन अच्छा रहने के बावजूद उसकी हिस्सेदारी अभी ‘‘सीमित’’ है। कुक ने भारत के बढ़ते मध्यम वर्ग और उसकी संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कंपनी के अधिकतर ग्राहक अभी ब्रांड के लिए नए हैं जो विकास के लिए अनुकूल माहौल बनाता है। उन्होंने कहा, ‘‘ कुल मिलाकर, मैं भारत को लेकर बेहद उत्साहित हूं।’’ एप्पल का तिमाही राजस्व 17 प्रतिशत बढ़कर 111.2 अरब डॉलर हो गया।

कुक ने बताया कि कंपनी ने विकसित और उभरते दोनों बाजारों में जनवरी-मार्च तिमाही के रिकॉर्ड बनाए जिनमें भारत उन क्षेत्रों में शामिल है जहां दोहरे अंकों में वृद्धि दर्ज हुई। कंपनी ने भारत में अपना छठा स्टोर खोलने पर भी खुशी जाहिर की। फरवरी में मुंबई के बोरीवली में नया स्टोर खोला गया जो शहर में दूसरा स्टोर है। एप्पल के स्टोर नयी दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे और नोएडा में भी हैं। कुक ने कहा, ‘‘ भारत में पिछले कुछ वर्ष में हमारी निरंतर वृद्धि देखना शानदार रहा है।

यह दुनिया भर के उभरते बाजारों में अधिक ग्राहकों से जुड़ने की हमारी व्यापक रणनीति का हिस्सा है।’’ उन्होंने साथ ही बताया कि आईफोन के लिए अमेरिका, लैटिन अमेरिका, ग्रेटर चीन, पश्चिमी यूरोप, भारत, जापान और दक्षिण-पूर्व एशिया सहित अधिकतर बाजारों में दोहरे अंकों की वृद्धि देखी जा रही है।

मुख्य वित्तीय अधिकारी केवन पारेख ने बताया कि ‘मैक’ खंड का राजस्व छह प्रतिशत बढ़कर 8.4 अरब डॉलर रहा, जिसे ‘मैकबुक नियो’ जैसे नए उत्पादों की मांग से बल मिला। कंपनी के मैक और आईपैड दोनों की बिक्री में भारत सहित उभरते बाजारों में मजबूत वृद्धि देखी गई।

इस बीच एप्पल ने हाल ही में घोषणा की है कि टिम कुक सीईओ पद से हटकर निदेशक मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष बनेंगे। कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (हार्डवेयर इंजीनियरिंग) जॉन टर्नस एक सितंबर 2026 से एप्पल के सीईओ पद का कार्यभार संभालेंगे।

प्रमुख खबरें

Gold Silver Price: अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और ब्याज दरों पर टिकी सर्राफा बाजार की चाल

Congress नेता Pramod Tiwari का BJP पर हमला, Women Reservation में देरी का आरोप

2027 चुनाव में अपनी 16 सीटों पर समझौता नहीं करेगी Nishad Party, बोले डॉ. Sanjay Nishad

Rahul Gandhi ने Chennai में MK Stalin से की मुलाकात, परिसीमन कानून के विरोध की अपील की