By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
आगरा में डबलट्री बाय हिल्टन और कोलकाता तथा गोवा में एस्टर ब्रांड के तहत होटलों का संचालन करने वाली कंपनी आर्चर हॉस्पिटैलिटी ने 2031 तक 750 कमरों और 300 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य रखा है। कंपनी के प्रबंध निदेशक विक्रम पुरी ने बताया कि इसके लिए विस्तार पर लगभग 200 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना है। उन्होंने पीटीआई-भाषा के साथ साक्षात्कार में कहा कि कंपनी अपने स्वामित्व वाले, पट्टे पर लिए गए और प्रबंधन वाली संपत्तियों के मिले-जुले मॉडल पर काम कर रही है।
कंपनी का ध्यान अपने घरेलू एस्टर ब्रांड के विस्तार तथा अंतरराष्ट्रीय और घरेलू आतिथ्य शृंखलाओं के साथ साझेदारी में बड़े होटल जोड़ने पर है। पुरी ने कहा, अगले दो वर्षों में आगरा में हमारा होटल तैयार हो जाएगा। इस तरह कोलकाता और गोवा में हम जिन 110 कमरों का संचालन कर रहे हैं, उनके अलावा वहां 200 कमरे और हो जाएंगे।
कंपनी ने हाल ही में गोवा के अंजुना और वागाटोर में पट्टा मॉडल के तहत दो होटलों के लिए करार किया है, जिससे उसके पोर्टफोलियो में होटलों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पुरी ने कहा, हमने वागाटोर में अभी 21 कमरों वाले एक होटल के लिए करार किया है, जिसका 20 और कमरों के साथ विस्तार किया जाएगा। इसके बाद यह समुद्र तट पर स्थित 40 कमरों वाला होटल बन जाएगा।
कंपनी आगरा स्थित अपने डबलट्री बाय हिल्टन होटल का भी विस्तार कर रही है और मौजूदा होटल में 100 कमरे जोड़ रही है, जिसे मूल रूप से 104 कमरों के साथ बनाया गया था। पुरी ने कहा, पिछले साल हमने उस होटल में 25,000 वर्ग फुट का सम्मेलन स्थल जोड़ा था। इस साल हम उसमें 100 और कमरे जोड़ने का काम शुरू कर रहे हैं।
व्यापक विस्तार रणनीति पर पुरी ने कहा कि कंपनी को उम्मीद है कि अगले 18 महीनों में उसका पोर्टफोलियो लगभग 375 कमरों तक पहुंच जाएगा और 2031 तक दोगुना होकर 750 कमरों का हो जाएगा।