Los Angeles Earthquake: लॉस एंजिल्स में भूकंप के कारण विमान की लैंडिंग रोकी, बाद में सुरक्षित उतरा

By एकता | Nov 29, 2026

अमेरिका के लॉस एंजिल्स में 5.0 तीव्रता के भूकंप के दौरान एक यात्री विमान की लैंडिंग रोकनी पड़ी। विमान रनवे पर उतरने ही वाला था, तभी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने पायलट को तुरंत विमान ऊपर ले जाने का निर्देश दिया। भूकंप के झटकों के बीच हुई इस घटना का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

यह घटना शनिवार, 28 नवंबर की सुबह लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट (LAX) पर हुई। डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 1972 रनवे पर उतरने की तैयारी कर रही थी। विमान लैंडिंग के काफी करीब पहुंच चुका था, तभी दक्षिणी कैलिफोर्निया में भूकंप के झटके महसूस किए गए।

भूकंप आते ही ATC ने रोकी विमान की लैंडिंग

एयरपोर्ट पर लगे लाइवस्ट्रीम कैमरे में भूकंप के दौरान के दृश्य कैद हो गए। झटकों के कारण कैमरा हिलने लगा और आसपास खड़ी गाड़ियों के अलार्म बजने लगे। इसी दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने पायलट को लैंडिंग रोकने का निर्देश दिया। ATC ने पायलट से कहा, "डेल्टा 1972, लैंडिंग रोकिए और विमान को वापस ऊपर ले जाइए। यहां बहुत तेज भूकंप आया है।"

निर्देश मिलते ही पायलट ने विमान को रनवे पर उतारने के बजाय दोबारा हवा में ऊपर उठा लिया। इस प्रक्रिया को विमानन की भाषा में 'गो-अराउंड' कहा जाता है। इसमें पायलट लैंडिंग रोककर विमान को फिर से ऊंचाई पर ले जाता है।

इसे भी पढ़ें: नेपोलियन को धूल चटाने वाला महाबली रूस कैसे ताश के पत्तों की तरह बिखर गया? | Globe Master

5.0 तीव्रता के भूकंप से हिल उठा लॉस एंजिल्स

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे भूकंप आया। इसका केंद्र मैनहट्टन बीच से लगभग 5 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में सांता मोनिका बे के नीचे था। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 12 से 13 किलोमीटर की गहराई पर था।

भूकंप के झटके लॉस एंजिल्स के कई इलाकों में महसूस किए गए। एयरपोर्ट पर भी इसका असर देखने को मिला। कुछ जगहों पर छत की टाइलें नीचे गिर गईं, जबकि टर्मिनल के एक हिस्से में कांच टूटने की खबरें सामने आईं।

इसे भी पढ़ें: तो भारत अब अमेरिका पर ठोकेगा तगड़ा टैरिफ? ट्रंप के फैसले पर PM मोदी की जवाबी कार्रवाई

एक घंटे से ज्यादा की देरी के बाद सुरक्षित उतरा विमान

भूकंप के कारण लैंडिंग रोकने के बाद डेल्टा एयरलाइंस के विमान ने कुछ देर आसमान में चक्कर लगाया और फिर एयरपोर्ट की ओर लौट आया। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान ने सुबह करीब 10:01 बजे सुरक्षित लैंडिंग की और अपने गेट तक पहुंच गया। इस घटना के चलते फ्लाइट अपने तय समय से करीब 1 घंटा 13 मिनट देरी से पहुंची।

इसे भी पढ़ें: Chicago Mayor Brandon Johnson ने Diwali को मान्यता देने का औपचारिक ऐलान किया

भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक्स, सुनामी का खतरा नहीं

मुख्य भूकंप के बाद दक्षिणी कैलिफोर्निया के तटीय इलाकों में कई आफ्टरशॉक्स यानी छोटे भूकंप भी दर्ज किए गए। लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने शहर के अलग-अलग इलाकों में नुकसान का जायजा लेने के लिए टीमें भेजीं।

लॉस एंजिल्स की मेयर करेन बास ने लोगों से संभावित आफ्टरशॉक्स को लेकर सतर्क रहने की अपील की। वहीं, अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने साफ किया कि इस भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है।

प्रमुख खबरें

Kochi में फर्जी संस्था बनाकर Income Tax Refund में 2.6 करोड़ की धोखाधड़ी, FIR दर्ज

Asian Champions Trophy: भारतीय महिला हॉकी टीम को मध्य प्रदेश सरकार देगी 1 करोड़ रुपये

Tamil Nadu की थिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर जला Karthigai Deepam, दरगाह में इबादत के लिए पहुंचे मुस्लिम श्रद्धालु

Archer Hospitality विस्तार पर करेगी 200 करोड़ का निवेश, 2031 तक 300 करोड़ राजस्व का लक्ष्य