By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 13, 2026
भारत के स्टार शतरंज खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी ने बुधवार को ईस्पोर्ट्स विश्व कप (ईडब्ल्यूसी) में उतार-चढ़ाव भरे दिन में हमवतन निहाल सरीन को 2-0 से हराकर ऊपरी वर्ग में जगह बनाई, लेकिन बाद में अलीरेजा फिरोजा से हारकर निचले वर्ग में खिसक गए। ‘जेन.जी टीम’ से खेल रहे अर्जुन ने दिन की शुरुआत शानदार अंदाज में की और ‘एस8यूएल ईस्पोर्ट्स’ के निहाल सरीन को 2-0 से हराकर ऊपरी वर्ग में आगे बढ़े। फिरोजा ने हालांकि उन्हें आर्मगेडन टाईब्रेकर तक पहुंचे मुकाबले में शिकस्त दी, जिससे अर्जुन को निचले वर्ग में जाना पड़ा।
इस मुकाबले के विजेता की भिड़ंत सेमीफाइनल में जान-क्रिजस्तोफ डूडा से होगी और वहां जीतने वाला खिलाड़ी भी प्लेऑफ में जगह बनाएगा। प्रज्ञानेश को इससे पहले ऊपरी वर्ग के क्वार्टर फाइनल में नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से हार मिली थी। ग्रुप ए में शामिल फिरोजा और अब्दुसत्तोरोव पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं।
इस ग्रुप में अर्जुन, निहाल और प्रज्ञानेश समेत तीन भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। ग्रुप बी में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन ने ऊपरी वर्ग के सेमीफाइनल में हंस मोके नीमन को हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई। अमेरिका के हिकारू नाकामुरा ने भी ग्रुप बी से प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया।