By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 15, 2026
बिहार की राजधानी पटना में दुकान में पीछे के दरवाजे से कथित तौर पर घुसने की कोशिश कर रहे हथियारबंद बदमाश ने पत्नी के साथ विरोध कर रहे जौहरी को गोली मार दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 10.45 बजे कंकड़बाग थाना क्षेत्र में हुई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल जौहरी की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने आगे बताया कि हाथापाई के दौरान आरोपी की शर्ट फट गई और वह सड़क के दूसरी तरफ एक गली में इंतजार कर रहे अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर वहां से भाग गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है। एसडीपीओ ने कहा, आरोपी भागते समय घटनास्थल पर अपनी पिस्तौल छोड़ गया। हमने हथियार जब्त कर लिया है और उसकी मैगजीन से तीन कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।