By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 24, 2024
भारत के थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को नेपाल के गंडकी प्रांत में स्थित मुक्तिनाथ मंदिर के दर्शन किये और वहां पूजा-अर्चना की। इस मंदिर का हिंदू तथा बौद्ध दोनों धर्मों में विशेष धार्मिक महत्व है।
जनरल द्विवेदी नेपाल के सेना प्रमुख जनरल अशोक सिगदेल के निमंत्रण पर नेपाल की पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर बुधवार को काठमांडू पहुंचे थे। जनरल द्विवेदी को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल द्वारा नेपाल सेना के जनरल की मानद पदवी से सम्मानित किया गया। उन्होंने शुक्रवार को प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली और रक्षा मंत्री मनबीर राय से भी मुलाकात की और आपसी हितों के मुद्दों पर बातचीत की।