उत्तर सिक्किम में लगातार बारिश के कारण करीब 1,500 पर्यटक फंसे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 01, 2025

सिक्किम में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण मुख्य मार्ग के बाधित हो जाने से शनिवार को उत्तर सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में करीब 1,500 पर्यटक फंस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि दूसरी ओर भारी बारिश के कारण लापता आठ पर्यटकों की तलाश में बाधा आई और तीस्ता नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद अंततः तलाश अभियान स्थगित कर दिया गया।

मंगन जिले में तीस्ता नदी में बृहस्पतिवार रात एक वाहन के गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जबकि आठ अन्य लापता हैं। लाचेन-लाचुंग राजमार्ग पर मुन्सिथांग के पास यह वाहन 1,000 फुट से अधिक गहराई में नदी में गिर गया था।

मंगन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोनम देचू भूटिया ने बताया कि लाचेन में 115 पर्यटक और लाचुंग में 1,350 पर्यटक फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण दोनों ओर से निकलने के रास्ते बंद है, इसलिए पर्यटकों को अपने होटलों में ही ठहरने की सलाह दी गई है और सड़कें पूरी तरह खुल जाने के बाद उन्हें स्थानांतरित कर दिया जाएगा।’’

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को बाधित हुई बिजली आपूर्ति आज शाम बहाल हो गई, जबकि रविवार तक पेयजल आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि करीब 24 घंटे बाद अपराह्न लगभग तीन बजे मोबाइल नेटवर्क सेवाएं बहाल हो सकी।

यहां एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में बादल फटने से हुई भारी वर्षा के कारण तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ गया है। उन्होंने कहा, ‘‘आज कोई पर्यटक परमिट जारी नहीं किया गया है और कल भी उत्तर सिक्किम जाने के लिए परमिट जारी नहीं किया जाएगा।’’

मंगन के जिलाधिकारी अनंत जैन ने कहा कि वह उस स्थान पर तैनात हैं जहां पर्यटक वाहन तीस्ता में गिरा था और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। एसपी ने बताया कि खोजी दल ने दुर्घटना स्थल के निकट नदी के किनारे से चार पहचान पत्र और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

प्रमुख खबरें

लंबे और घने बालों के लिए चमत्कार है कम नहीं यह नुस्खा! हेयर्स में अप्लाई करें नारियल तेल और प्याज का रस, पाएं मजबूत बाल

United States: ट्रंप ने ग्रीन कार्ड लॉटरी कार्यक्रम को स्थगित किया

Pete Davidson अब बन गए हैं डैडी कूल, Elsie Hewitt के साथ किया अपनी नन्ही परी का स्वागत

भारत जर्सी पहन बहरीन में खेले पाक खिलाड़ी उबैदुल्लाह, पाक कबड्डी महासंघ की आपात बैठक, नियमों के उल्लंघन पर एक्शन तय