Lok Sabha Election : दोपहर एक बजे तक करीब 40 फीसदी मतदान, बंगाल में हिंसा की हुई छिटपुट घटनाएं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 19, 2024

नयी दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को देश भर में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 102 सीटों पर मतदान के पहले छह घंटों में तकरीबन 40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान पश्चिम बंगाल में हिंसा की छिटपुट घटनाएं और छत्तीसगढ़ में एक आईईडी विस्फोट की खबर मिली है जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक कमांडेंट घायल हो गया है। तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, अंडमान और निकोबार तथा असम में कुछ बूथों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में मामूली तकनीकी खामी की भी रिपोर्टें मिलीं। मतदान सुबह सात बजे आरंभ हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा। 

छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा सीट पर शुक्रवार को 42 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। राज्य के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए एक आईईडी में विस्फोट होने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक सहायक सेनानी (कमांडेंट) घायल हो गया। तमिलनाडु में सभी 39 लोकसभा सीटों पर अभी तक 39 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया है। श्रीपेरुम्बुदूर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले तम्बाराम के समीप एक मतदान केंद्र तथा कुछ अन्य मतदान केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में तकनीकी खामी के कारण मतदान में करीब एक घंटे की देरी हुई। 

अरुणाचल प्रदेश में कुल 8,92,694 मतदाताओं में से 34.99 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। खराब मौसम के कारण सुबह के समय मतदान का प्रतिशत सामान्य था, लेकिन मौसम की स्थिति में सुधार के साथ इसमें तेजी आई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) पवन कुमार सेन ने बताया कि राज्य के कुछ मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में तकनीकी खराबी आने के कारण मतदान में देरी हुई, जिन्हें बाद में बदल दिया गया। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए 35.7 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 

अधिकारियों ने बताया कि ईवीएम संबंधी कुछ छोटी-मोटी गड़बड़ियां थीं लेकिन उन्हें तुरंत ठीक कर लिया गया। असम में भी लखीमपुर में बिहूपुरिया में तीन मतदान केंद्रों, होजेई, कालियाबोर और बोकाखाट में एक-एक मतदान केंद्र और डिब्रूगढ़ के नहारकटिया में एक मतदान केंद्र में ईवीएम में गड़बड़ी दर्ज की गयी। बाद में इन खामियों को दूर कर दिया गया। राज्य में 45.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बिहार की चार लोकसभा सीटों पर 75 लाख मतदाताओं में से करीब 32 प्रतिशत ने दोपहर एक बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर संसदीय क्षेत्र में मूसलाधार बारिश होने के बावजूद मतदान के पहले छह घंटों में 43.11 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। 

राजस्थान की 12 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है और दोपहर एक बजे तक 33 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने वोट डाले। उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर दोपहर एक बजे तक 37 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। नैनीताल-उधम सिंह नगर में सबसे अधिक 40.46 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद हरिद्वार में 39.41 प्रतिशत, पौड़ी गढ़वाल में 36.60 प्रतिशत, टिहरी गढ़वाल में 35.29 प्रतिशत और अल्मोड़ा में 32.29 प्रतिशत मतदान हुआ। महाराष्ट्र की पांच लोकसभा सीटों पर दोपहर एक बजे तक 32.36 प्रतिशत जबकि मध्य प्रदेश में छह लोकसभा सीटों पर 44.18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 

उत्तर प्रदेश में 36.96 प्रतिशत, मेघालय में 48.9 प्रतिशत, मिजोरम में 36.67 प्रतिशत, नगालैंड में 38.83 प्रतिशत, पुडुचेरी में 44.95 प्रतिशत और सिक्किम में 36.82 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग ने पहले चरण के मतदान के लिए 1.87 लाख मतदान केंद्रों पर 18 लाख से अधिक मतदान कर्मियों को तैनात किया है। इन मतदान केंद्रों पर 16.63 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। मतदाताओं में 8.4 करोड़ पुरुष, 8.23 करोड़ महिलाएं हैं और 11,371 लोग थर्ड जेंडर के हैं। 35.67 लाख लोग पहली बार मतदाता बने हैं। इसके साथ ही 20 से 29 वर्ष के आयु वर्ग के 3.51 करोड़ युवा मतदाता हैं। मतगणना चार जून को होगी। 

इसे भी पढ़ें: नॉएडा के एक मैरिज हॉल में आतिशबाजी के कारण महिला के फ्लैट में लगी आग

पहले चरण में जिन राज्यों की सभी लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें तमिलनाडु (39), उत्तराखंड (5), अरुणाचल प्रदेश (2), मेघालय (2), अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (1), मिजोरम (1), नगालैंड (1), पुडुचेरी (1), सिक्किम (1) और लक्षद्वीप (1) शामिल हैं। इसके अलावा राजस्थान में 12, उत्तर प्रदेश में 8, मध्य प्रदेश में 6, असम और महाराष्ट्र में 5-5, बिहार में 4, पश्चिम बंगाल में 3, मणिपुर में 2 और त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर और छत्तीसगढ़ में एक-एक सीट पर मतदान हो रहा है। पहले चरण में अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा की 60 और सिक्किम की 32 सीट के लिए भी एक साथ मतदान हो रहा है।

प्रमुख खबरें

Shiv Sena UBT के लिए करो या मरो की घड़ी! दिल्ली में सांसदों की अहम बैठक, व्हिप तय करेगा पार्टी का भविष्य

Pradyumn Vinayak Chaturthi 2026: प्रद्युम्न चतुर्थी व्रत से घर में आती है सुख-समृद्धि, होता है लाभ

India vs Afghanistan ODI | टीम इंडिया में एंट्री पर बोले Gurnoor Brar- घरेलू क्रिकेट ढांचे के कारण इंटरनेशनल मैच में नहीं हुआ कोई दबाव

AI Model offline होने से सबक, NITI Aayog के सदस्य अभय करंदीकर बोले- भारत को टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर बनना ही होगा