अनुच्छेद 370: उद्योग जगत ने मोदी सरकार के कदम को सराहा, कहा- राज्य का होगा बेहतर विकास

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 06, 2019

नयी दिल्ली। देश के उद्योगपतियों ने जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को समाप्त करने के नरेन्द्र मोदी सरकार के फैसले का स्वागत करते हुये इसे एतिहासिक कदम बताया और कहा कि इसके हटने से न केवल राज्य के लोगों का सशक्तिकरण होगा बल्कि देश भी मजबूत होगा। उद्योग जगत ने कहा है कि अनुच्छेद 370 को हटाने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने अपने एक अहम् चुनावी वादे को पूरा कर दिया है। इसे बहुमत का समर्थन प्राप्त है। सरकार के इस कदम से राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा। देश के प्रमुख उद्योग मंडल पीएचडी चैंबर आफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्री के अध्यक्ष राजीव तलवार ने कहा, ‘‘बिल्कुल, इसके (अनुच्छेद 370 के) हटने से जम्मू कश्मीर में बड़ी मात्रा में निवेश का रास्ता खुलेगा।’’भाजपा ने आम चुनाव के समय इसे अपने घोषणापत्र में शामिल किया था। इसलिये इसे देश के बहुमत का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम जम्मू और कश्मीर के लोगों के विकास के लिये अच्छा कदम है।

नारेडको के राष्ट्रीय अध्यक्ष निरंजन हीरानंदानी ने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाकर भारत सरकार ने ऐतिहासिक इबारत लिखी है। यह महत्वपूर्ण कदम केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विकास आधारित आर्थिक वृद्धि की संभावनाओं को खोलेगा। इस कदम से राज्य में रीयल एस्टेट क्षेत्र का विकास होगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। हर्ष गोयनका ने एक ट्वीट में कहा,‘‘हमारी दो खूबसूरत फैक्टरियां वहां थी। एक ट्यूलिप का बगीचा था लेकिन आतंकवाद के चलते यह सब बंद हो गया। अब अनुच्छेद 370 के हटने से मुझे उम्मीद है कि राज्य में निवेश बढ़ेगा और यह बात सही साबित होगी कि पृथ्वी पर यदि कहीं स्वर्ग है तो वह यहीं है, यहीं है, यहीं (कश्मीर में) है।’’देश के प्रमुख एक्सचेंज बंबई शेयर बाजार के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीषकुमार चौहान ने कहा कि यह भारत के लिए एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा, ‘‘यह ज्यादातर भारतीयों को राहत देने का भी दिन है। लंबे समय से चले आ रहे एक मुद्दे के हल की प्रक्रिया शुरू हुई है। अब समय आ गया है कि कश्मीर को सही अर्थों में भारत के साथ एकीकृत किया जाए।’’ 

प्रमुख खबरें

NIA कोर्ट ने PFI के 4 सदस्यों को शशिकुमार मर्डर केस में सुनाई उम्रकैद

AIIMS Nagpur: सुरक्षा के आश्वासन के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म

Odisha School Textbooks में मिलीं 1741 गलतियां, सरकार ने पूर्व निदेशक सहित चार को किया निलंबित

S Jaishankar ने नाविकों पर हमलों को बताया अस्वीकार्य, Liberia के साथ मिलकर बनाया मित्र समूह