Arunachal Pradesh: जमी हुई सेला झील से केरल के दूसरे पर्यटक का शव बरामद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 17, 2026

अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में जमी हुई सेला झील से केरल के दूसरे पर्यटक का शव शनिवार सुबह बरामद कर लिया गया। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने कहा कि संयुक्त तलाशी अभियान सुबह आठ बजे फिर शुरू हुआ। खराब दृश्यता के कारण अभियान शुक्रवार शाम को स्थगित कर दिया गया था।

तवांग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डीडब्ल्यू थोंगोन ने बताया कि यह अभियान सेना, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) बोमडिला, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और जिला पुलिस द्वारा चलाया गया था।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के लिए एसडीआरएफ बोमडिला के चार गोताखोरों और सेना को तैनात किया गया था। एसपी ने बताया, पानी के अंदर कम दृश्यता के कारण शुरू में तलाशी में बाधा आई, लेकिन सुबह करीब 10:10 बजे दूसरे पर्यटक का शव बरामद कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है, जिसके बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। मृतकों की पहचान दीनू (26) और महादेव (24) के रूप में हुई है। थोंगोन ने बताया कि वे सात सदस्यीय पर्यटक समूह का हिस्सा थे, जो गुवाहाटी से तवांग आए थे।

उन्होंने बताया, “दोपहर में समूह का एक सदस्य जमी हुई झील में फिसल गया और डूबने लगा। दीनू और महादेव उसे बचाने के प्रयास में झील में उतरे। तीसरा पर्यटक तो सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन दीनू और महादेव बर्फीले पानी में फंस गए।”

एसपी ने बताया कि जिला प्रशासन को शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद जिला पुलिस, केंद्रीय बलों और राज्य आपदा मोचन बल को शामिल करते हुए संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया गया। थोंगोन ने कहा कि सेला झील और अन्य पर्यटन स्थलों पर चेतावनी वाले बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें आगंतुकों को स्पष्ट रूप से सलाह दी गई है कि वे जमी हुई झीलों पर नहीं चलें।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने दिसंबर में एक परामर्श भी जारी किया था जिसमें पर्यटकों को चेतावनी दी गई थी कि जमे हुए जल निकाय असुरक्षित हैं। करीब 13,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित सेला झील एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, लेकिन अत्यधिक ठंड और बर्फ के कारण सर्दियों में यह खतरनाक भी हो जाती है।

प्रमुख खबरें

LPG की कमी के चलते देशभर में Induction Cooktop धड़ाधड़ बिक रहे, होटलों में Kerosene और Coal से बनेगा खाना!

Tamil Nadu Election 2026: DMK का मिशन शुरू, MK Stalin की अध्यक्षता में 16 March को बनेगा प्लान

Menstrual Leave के मुद्दे पर Supreme Court ने दखल देने से कर दिया इंकार, सरकार पर छोड़ा फैसला

IPL 2026 RCB Full Schedule: चिन्नास्वामी में खेला जाएगा आरसीबी का पहला मुकाबला, देखें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का पूरा शेड्यूल