Siang Dam का विरोध कर रहे चार प्रदर्शनकारी Arunachal Pradesh की जेल से रिहा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 07, 2026

ईटानगर, सात नवंबर अरुणाचल प्रदेश में 11,200 मेगावाट क्षमता वाली प्रस्तावित सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना (एसयूएमपी) के विरोध को लेकर हिरासत में लिए गए चार प्रदर्शनकारियों को शनिवार को गिरफ्तारी के करीब एक महीने बाद ईटानगर के पास जूली केंद्रीय कारागार से रिहा कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अदुम तायोम, ओमाक पारोन, ओकुत पालोह और ओसन पारोन को नौ अक्टूबर को अरुणाचल प्रदेश गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम 2014 के तहत हिरासत में लिया गया था।

उन्होंने बताया कि इन चारों लोगों की रिहाई राज्य सरकार की ओर से सियांग इंडिजिनस फार्मर्स फोरम (एसआईएफएफ) की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सद्भावना के तौर पर उन्हें मुक्त करने पर सहमति जताने के एक दिन बाद हुई है। यह फोरम प्रस्तावित विशाल बांध परियोजना के विरोध में आंदोलन का नेतृत्व कर रहा है। इस घटनाक्रम को सियांग घाटी में तनाव कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

परियोजना के विरोध में पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में प्रदर्शन और झड़पें हो रही हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने छह नवंबर को जारी एक पत्र में एसयूएमपी आंदोलन के सिलसिले में अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत निलंबित किए गए गांव के सरपंच को भी बहाल करने की मंजूरी दी है। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा।

सरकार ने एसआईएफएफ से बातचीत दोबारा शुरू करने का आग्रह किया है। उसने मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ प्रस्तावित बैठक के लिए प्रतिनिधियों की सूची भेजने और अपनी सुविधानुसार तारीख तय करने को कहा है। सरकार ने संगठन से सियांग और अपर सियांग जिले के निवासियों को शांति बनाए रखने तथा हिंसा, डराने-धमकाने और हमलों से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की भी अपील की है।

प्रमुख खबरें

Ashwini Vaishnaw ने किया ऐलान, भीड़भाड़ दूर करने Golden Quadrilateral रूट्स होंगे 4 लेन

Test Cricket और खेल सकते थे Mohammad Shami, बोले Azharuddin, Kapil Dev से की तुलना

मैं रोते हुए बाहर निकला: दामाद Ranbir Kapoor की रामायण देखकर बुरी तरह भावुक हुए Mahesh Bhatt

Forsyth County Georgia में भारतीय आबादी 52000 पहुंची, नस्ली इतिहास वाले इलाके में बनाया नया ठिकाना