आशा जी की मधुर और सुरमयी आवाज सदा दिलों में अमर रहेगी

By डॉ. ब्रह्मानंद राजपूत | Apr 13, 2026

आशा भोंसले जी का नाम भारतीय संगीत इतिहास में अत्यंत सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने अपने करियर में आठ दशकों से भी अधिक समय तक संगीत जगत में अमूल्य योगदान दिया है और लगभग 12 हजार से अधिक गीतों को अपनी मधुर आवाज से सजाया है। आशा भोंसले जी, जो भारत की महानतम और दिग्गज गायिकाओं में से एक थीं। आशा जी का नाम संगीत जगत में सदैव एक सिरमौर के रूप में लिया जाएगा। दिनांक 12 अप्रैल 2026 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में 92 साल की उम्र में उनका दुखद निधन हो गया। उनके दुखद निधन का समाचार पूरे विश्व के संगीत प्रेमियों के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। यह क्षति न केवल भारतीय संगीत जगत के लिए, बल्कि वैश्विक सांस्कृतिक धरोहर के लिए भी अपूरणीय है। आशा भोंसले जी के जीवन के बारे में बात की जाये तो उनका जन्म 8 सितम्बर 1933 को महाराष्ट्र के सांगली में एक समृद्ध संगीत परंपरा वाले परिवार में हुआ था। उनके पिता दीनानाथ मंगेशकर एक प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक एवं रंगमंच कलाकार थे, जिनसे उन्हें संगीत की प्रारंभिक शिक्षा मिली। बचपन से ही संगीत के वातावरण में पली-बढ़ीं आशा जी ने बहुत कम उम्र में ही गायन प्रारंभ कर दिया। पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए उन्होंने किशोरावस्था में ही फिल्मों में गाना शुरू कर दिया और कठिन परिस्थितियों और संघर्षों के बावजूद अपने करियर की मजबूत नींव रखी। उनकी बड़ी बहन सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर विश्वप्रसिद्ध गायिका रहीं, जबकि उनकी अन्य बहनें मीना मंगेशकर और उषा मंगेशकर ने भी संगीत जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनके भाई हृदयनाथ मंगेशकर एक प्रसिद्ध संगीतकार के रूप में जाने जाते हैं। इस प्रकार मंगेशकर परिवार ने सामूहिक रूप से भारतीय संगीत को समृद्ध किया और एक अमूल्य सांगीतिक विरासत स्थापित की, जिसका प्रभाव आज भी भारतीय सांस्कृतिक परिदृश्य में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।

इसे भी पढ़ें: Bankim Chandra Chattopadhyay Death Anniversary: वो 'साहित्य सम्राट' जिसने कलम से जगाई थी Freedom की ज्वाला

आशा जी और उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर जी का संबंध भारतीय संगीत इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक रहा है। दोनों बहनों ने अपने-अपने विशिष्ट अंदाज और आवाज के माध्यम से संगीत जगत में अलग-अलग पहचान बनाई, फिर भी उनके बीच गहरा पारिवारिक और सांगीतिक जुड़ाव बना रहा। जहाँ लता जी को उनकी मधुर और शुद्ध आवाज के लिए जाना जाता था, वहीं आशा जी अपनी बहुआयामी और प्रयोगधर्मी शैली के लिए प्रसिद्ध रहीं। इन दोनों बहनों ने मिलकर भारतीय फिल्म संगीत को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य विरासत छोड़ी। आशा जी के व्यक्तिगत जीवन की बात करें, तो उनका जीवन भी अनेक उतार-चढ़ाव से भरा रहा। 16 साल की उम्र में उन्होंने गणपतराव भोसले से विवाह किया, जो अधिक समय तक सफल नहीं रहा। इसके बाद उन्होंने अपने साहस और आत्मविश्वास के बल पर अपने बच्चों का पालन-पोषण किया। बाद में उनका विवाह महान संगीतकार आर. डी. बर्मन से हुआ, जिनके साथ उनका संबंध न केवल वैवाहिक बल्कि सांगीतिक रूप से भी अत्यंत सफल और प्रेरणादायक रहा। उनके परिवार में उनके बच्चे और पोते-पोतियाँ शामिल हैं, जिनके साथ उनका गहरा स्नेहपूर्ण संबंध रहा।

उनकी आवाज केवल गीत नहीं थी, बल्कि भावनाओं का अथाह सागर थी- खुशी, दर्द, प्रेम और जीवन के हर रंग को उन्होंने अपने सुरों में अद्भुत संवेदनशीलता के साथ पिरोया। दशकों तक उन्होंने संगीत जगत पर अपनी अमिट छाप बनाए रखी और हमें अनगिनत यादगार गीतों की अमूल्य धरोहर दी, जो सदैव हमारे दिलों में गूंजती रहेगी। उन्होंने अपनी मधुर और भावपूर्ण आवाज से कई पीढ़ियों के हृदय को स्पर्श किया तथा भारतीय संगीत को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उनके गीत न केवल मनोरंजन का माध्यम रहे, बल्कि भावनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त स्वर भी बने, जो उन्हें सदैव हमारे बीच जीवित रखेंगे। आज का दिन हर भारतीय, विशेषकर संगीत प्रेमियों के लिए अत्यंत दुखद है। आशा जी ने न केवल अपनी सुरमयी आवाज से एक विशिष्ट पहचान बनाई, बल्कि अपने सुरों के माध्यम से भारतीय संगीत को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। हर तरह के संगीत में ढल जाने की उनकी अनोखी प्रतिभा ने उन्हें युगों-युगों तक अमर बना दिया है। उनके गाए हुए गीत आज भी हर दिल में जीवित हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे। आशा जी भले ही आज हमारे बीच नहीं रहीं, लेकिन उनका संगीत सदैव अमर रहेगा और उनके सुर हमेशा हमारे दिलों में गूंजते रहेंगे।

- डॉ. ब्रह्मानंद राजपूत

प्रमुख खबरें

ICC Rankings: हार के बावजूद भारतीय दिग्गजों का जलवा, Shubman Gill नंबर 2 पर, Joe Root की टॉप 10 में वापसी

CJP Student Movement पर 24 साल बाद फिर साथ दिखे Yuvraj Singh और Mohammad Kaif, दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

CWG 2026: Putul Sonowal ने World Champion Ryan Bester को हराकर किया बड़ा उलटफेर, भारत की शानदार शुरुआत

Hansi Flick के भरोसे ने बदली किस्मत, Borussia Dortmund छोड़ Barcelona में शामिल हुए Karim Adeyemi