एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: Harmanpreet Singh की हैट्रिक से भारत ने मलेशिया को 4-2 से हराया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 01, 2026

... सोमोज्योति एस चौधरी ... जालंधर, एक नवंबर कप्तान हरमनप्रीत सिंह के हैट्रिक गोल की बदौलत पांच बार के चैंपियन भारत ने रविवार को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) हॉकी टूर्नामेंट में मलेशिया को 4-2 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। भारत ने हाल ही में एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक मैच में भी मलेशिया को 5-1 से हराया था। छह टीमों के इस टूर्नामेंट में भारत और मलेशिया के अलावा दक्षिण कोरिया तथा जापान ने भी सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

स्ट्राइकर सुखजीत सिंह ने 43वें मिनट में मैदानी गोल कर भारत की बढ़त मजबूत की। मलेशिया की ओर से अखिमुल्लाह अनुआर ने 25वें मिनट में और शेलो सिल्वरियस ने 60वें मिनट में गोल किए। भारत ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की।

कप्तान हरमनप्रीत ने तीसरे ही मिनट में टीम को मिले पहले पेनल्टी कॉर्नर पर मलेशिया के गोलकीपर हफीजुद्दीन ओथमान के बाईं ओर दमदार ड्रैग फ्लिक लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मलेशियाई रक्षापंक्ति पर लगातार दबाव बनाया और कई बार सर्कल में प्रवेश किया, लेकिन गोल करने में सफलता नहीं मिली। मलेशिया ने दूसरे क्वार्टर में जवाबी हमला तेज किया।

उसे 18वें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने दोनों मौकों पर गोल नहीं होने दिया। इसके बाद भारत को भी लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, मगर मलेशियाई गोलकीपर ओथमान ने दोनों बार हरमनप्रीत के प्रयासों को नाकाम कर दिया। मलेशिया ने भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाए रखा और 24वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए।

भारतीय खिलाड़ियों ने मुस्तैदी से बचाव करते हुए अपनी बढ़त कायम रखी। अखिमुल्लाह अनुआर ने अगले ही मिनट भारतीय रक्षापंक्ति की चूक का फायदा उठाकर गोल कर दिया। फैज जली से मिले पास पर उन्होंने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया।

इसके साथ ही हाफ टाइम तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। भारतीय टीम ने तीसरे क्वार्टर में अधिक आक्रामक रुख अपनाया। हाफ टाइम के बाद तीन मिनट के भीतर भारत को चौथा पेनल्टी कॉर्नर मिला और हरमनप्रीत ने एक बार फिर सटीक ड्रैग फ्लिक लगाकर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी।

उपकप्तान हार्दिक सिंह ने मिडफील्ड में गेंद छीनकर शानदार मूव बनाया और सुखजीत सिंह को पास दिया। सुखजीत ने बेहतरीन टोमहॉक शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा जिसमे मैच के 43वें मिनट में भारत ने अपनी बढ़त 3-1 कर ली। अंतिम हूटर बजने से दो मिनट पहले भारत को छठा पेनल्टी कॉर्नर मिला।

इस दौरान हरमनप्रीत की गोल की ओर जाती फ्लिक मलेशियाई डिफेंडर के शरीर से टकरा गई, जिसके बाद भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। कप्तान हरमनप्रीत ने इस मौके को भुनाने में कोई गलती नहीं की और 58वें मिनट में अपना तीसरा गोल दागकर भारत को 4-1 से आगे कर दिया। इसके कुछ ही सेकंड बाद भारत को एक और सेट पीस मिला, लेकिन टीम इस मौके को गोल में नहीं बदल सकी।

खेल समाप्त होने से एक मिनट पहले मलेशिया के शेलो सिल्वरियस ने मैदानी गोल कर अंतर 4-2 कर दिया लेकिन तब तक भारतीय टीम अपनी जीत सुनिश्चित कर चुकी थी।

प्रमुख खबरें

Samrat Choudhary ने संपन्न लोगों से 125 यूनिट Free Electricity का लाभ छोड़ने को कहा

PV Sindhu और Lakshya Sen ने जीता Hylo Open खिताब, जर्मनी में भारत को मिली दोहरी जीत

Mumbai के हाथ से फिसला मुकाबला, 92वें मिनट के बाद Delhi ने दो Goal दागकर पलटी बाजी

गम्हरिया थाने की घटना पर BJP आक्रामक, Neera Yadav ने हेमंत सोरेन से मांगा इस्तीफा