By रेनू तिवारी | Nov 17, 2026
असम के डिब्रूगढ़ जिले के दुलियाजान से एक अत्यंत ही दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सोमवार को एक ही परिवार के तीन सदस्य अपने निजी आवास पर मृत पाए गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है। पुलिस प्रशासन इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं से गहन जांच-पड़ताल कर रहा है। डिब्रूगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिजीत गौरव दिलीप ने बताया कि घटना का पता शाम को उस समय चला, जब एक किरायेदार छठ पूजा का प्रसाद देने परिवार के घर पहुंचा, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और अलग-अलग कमरों में शव पड़े मिले। एसएसपी ने बताया कि मृतकों की पहचान मकान मालिक चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और उनकी बेटी निहारिका भुइयां के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि चंद्रकांत भुइयां ऑयल इंडिया लिमिटेड के सेवानिवृत्त अधिकारी थे।
एसएसपी ने मौके पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘फॉरेंसिक टीम यहां पहुंच गई है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरा बंद था, लेकिन हमारी टीमें उपकरणों से उसका डेटा हासिल करने की कोशिश करेंगी।’’ एसएसपी ने कहा कि उनकी मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले में सभी पहलुओं से जांच की जाएगी। घटना के बाद मौके पर पहुंचे राज्यसभा सदस्य और स्थानीय नेता तेरस गोवाला ने दावा किया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस को न केवल इस मामले की जांच करनी चाहिए, बल्कि यह भी पता लगाना चाहिए कि अपराध के मामले क्यों बढ़ रहे हैं।’’